Bihar Road Development: राज्य की सड़कों और पुलों की सूरत बदलने के लिए सरकार ने 21 हजार करोड़ रुपये के मेगा बजट को हरी झंडी दे दी है. इसमें से 15 हजार करोड़ रुपये बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड (BSRDCL) और छह हजार करोड़ रुपये बिहार राज्य पुल निर्माण निगम को आवंटित किए गए हैं. पथ निर्माण विभाग ने संकल्प जारी कर इस भारी-भरकम राशि की स्वीकृति प्रदान कर दी है. यह राशि राज्य सरकार की गारंटी पर विभिन्न बैंकों और वित्तीय संस्थानों से ऋण (लोन) के तौर पर जुटाई जाएगी. विभाग ने इसके लिए सख्त शर्तें भी लागू की हैं, जिसके तहत कर्ज की वापसी अधिकतम 25 वर्षों के भीतर किस्तों में की जाएगी.
टोल टैक्स से चुकाया जाएगा बैंकों का कर्ज
ऋण की समय से वापसी के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित 'बिहार पथ उपयोगकर्ता शुल्क नियमावली 2026 के अंतर्गत सड़कों और पुलों पर वसूले जाने वाले टोल टैक्स (यूजर फी) की राशि का इस्तेमाल किया जाएगा. इस बजट को सही जगह खर्च करने और समय पर उसकी निकासी करने की पूरी जवाबदेही संबंधित विभागों को सौंप दी गई है.
यह भी पढ़ें.. सीतामढ़ी:'सीता मंदिर बने, लेकिन विकास के नाम पर न छीनी जाए किसानों की जमीन
मुजफ्फरपुर की इन बड़ी परियोजनाओं में आएगी 'रॉकेट' जैसी तेजी
इस महा-बजट की स्वीकृति मिलने के बाद मुजफ्फरपुर जिले में अटकी और प्रस्तावित बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के काम में अब जबरदस्त तेजी आएगी. राशि उपलब्ध होते ही निम्नलिखित प्रमुख कार्यों को गति मिलेगी:
- हथौड़ी-औराई पथ निर्माण: जिले में बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कारपोरेशन द्वारा करीब आठ अरब रुपये की लागत से हथौड़ी - अतरार - बभनगामा - औराई पथ का निर्माण किया जा रहा है. भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अब इस बजट से रैयतों को मुआवजे का भुगतान जल्द हो सकेगा.
- फतेहाबाद में बनेगा महासेतु: पारू के फतेहाबाद में बूढ़ी गंडक नदी पर पांच अरब रुपये की भारी लागत से तीन किलोमीटर लंबे पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा.
- पुलों का नवनिर्माण और मरम्मत: बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के तहत दादर पुल का नवनिर्माण और अखाड़ाघाट पुल के निर्माण कार्य में तेजी आएगी. इसके साथ ही दादर पुल और माड़ीपुर आरओबी (ROB) की मरम्मत का काम भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा.
विभाग ने बैंकों और वित्तीय संस्थानों से बेहतर समन्वय बनाने का निर्देश दिया है ताकि लोन की राशि जल्द से जल्द ट्रांसफर हो सके और जमीन पर काम दिखने लगे.
