मुजफ्फरपुर: काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में बिहार विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) वंशीधर ब्रजवासी को सोशल मीडिया पर धमकी देने और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का मामला सामने आया है. एमएलसी की शिकायत के बाद पुलिस ने चार नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.
फेसबुक अकाउंट से धमकी देने का आरोप
दामुचक स्थित आदर्श कॉलोनी निवासी एमएलसी वंशीधर ब्रजवासी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 और 16 सितंबर को अलग-अलग फेसबुक अकाउंट से उनके खिलाफ अभद्र और भड़काऊ पोस्ट किये गये.
शिकायत के अनुसार, वैभव मिश्रा नाम के फेसबुक अकाउंट से उन्हें थप्पड़ मारने की धमकी दी गयी और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया. वहीं, राहुल झा नाम के अकाउंट से उनके खिलाफ आरोप लगाते हुए जूते की माला पहनाने की बात कही गयी.
सामाजिक माहौल बिगाड़ने का लगाया आरोप
एमएलसी ने अपनी शिकायत में उज्ज्वल कुमार ओझा और ठाकुर दिव्य प्रकाश नाम से संचालित फेसबुक खातों का भी उल्लेख किया है. उनका आरोप है कि इन खातों के माध्यम से जातिगत भावनाएं भड़काने की कोशिश की जा रही है.
शिकायत में कहा गया है कि उनके वास्तविक नाम की जगह जानबूझकर वंशीधर सहनी लिखकर भ्रामक दावे किये जा रहे हैं. एमएलसी ने आशंका जतायी कि इससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और तनाव पैदा होने की स्थिति बन सकती है.
उन्होंने यह भी आशंका जतायी कि सोशल मीडिया पर ऐसी गतिविधियों के कारण उनके और उनके परिवार पर जानलेवा हमला कराया जा सकता है.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले में सोशल मीडिया पोस्ट और संबंधित अकाउंट्स की जांच की जा रही है.
बंशीधर ब्रजवासी तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से बिहार विधान परिषद के सदस्य हैं.
यह भी पढ़ें
बेला औद्योगिक क्षेत्र में नाइट गार्ड की हत्या के बाद 338 बोरी खाद बरामद, दो गिरफ्तार
