लीची किसानों की समस्या पर शिवराज सिंह चौहान का बड़ा फैसला, बनी विशेषज्ञ कमेटी

बिहार के लीची किसानों की परेशानी अब सीधे केंद्र सरकार तक पहुंच गई है. लीची स्टिंग बग से फसल को हो रहे नुकसान पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तुरंत विशेषज्ञ टास्क फोर्स गठित कर बड़ा कदम उठाया है. आखिर क्या करेगी यह टीम और किसानों को कैसे मिलेगी राहत, पढ़ें पूरी खबर…

Muzaffarpur: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिहार के लीची किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए बड़ा फैसला किया है. लीची स्टिंग बग के कारण फसल को हो रहे नुकसान को देखते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री के निर्देश पर एक विशेषज्ञ कार्यबल (टास्क फोर्स) का गठन किया गया है.

यह टीम बिहार के प्रभावित इलाकों का दौरा कर नुकसान का आकलन करेगी और किसानों को राहत देने के लिए सुझाव देगी.

कृषक संवाद कार्यक्रम में उठा था मुद्दा

जानकारी के अनुसार, 7 मई को केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान में आयोजित कृषक संवाद कार्यक्रम के दौरान किसानों ने लीची स्टिंग बग की समस्या केंद्रीय मंत्री के सामने रखी थी.

किसानों ने बताया था कि इस कीट के कारण लीची फसल को भारी नुकसान हो रहा है. मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय मंत्री ने तुरंत विशेषज्ञ कमेटी गठित करने का निर्देश दिया.

एक सप्ताह में देनी होगी रिपोर्ट

राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह टास्क फोर्स प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर फसल क्षति का वैज्ञानिक अध्ययन करेगी.

इसके साथ ही टीम किसानों के लिए तात्कालिक और दीर्घकालिक समाधान सुझाएगी. कार्यबल को एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट केंद्रीय कृषि मंत्री को सौंपनी होगी.

विशेषज्ञ और वैज्ञानिक शामिल

इस टास्क फोर्स में कई प्रमुख संस्थानों के वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों को शामिल किया गया है.

राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर के निदेशक को इसका अध्यक्ष बनाया गया है. इसके अलावा बिहार सरकार, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, बिहार कृषि विश्वविद्यालय और अन्य संस्थानों के विशेषज्ञों को सदस्य बनाया गया है.

प्रभावित प्रखंडों का होगा दौरा

आदेश के मुताबिक, विशेषज्ञ टीम जल्द ही बिहार के लीची उत्पादक जिलों के प्रभावित प्रखंडों का दौरा करेगी.

टीम फसल नुकसान, कीट नियंत्रण और किसानों को राहत पहुंचाने के उपायों पर विस्तृत अध्ययन करेगी.

किसानों के लिए राहत का संदेश

केंद्रीय कृषि मंत्री की इस पहल को लीची किसानों के लिए राहत और भरोसे का बड़ा कदम माना जा रहा है. किसानों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से फसल को बड़े नुकसान से बचाया जा सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >