Bihar Train Cancelled List: पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर रेल मंडल में पटरियों के रख-रखाव और सिग्नलिंग व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) का तकनीकी कार्य किया जा रहा है. इस कारण भागलपुर से खुलने वाली और इस रेलखंड से होकर गुजरने वाली कई प्रमुख एक्सप्रेस व मेल ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा. इसी क्रम में गाड़ी संख्या 13419/13420 भागलपुर-मुजफ्फरपुर-भागलपुर जनसेवा एक्सप्रेस का परिचालन आगामी 25 सितंबर से 04 अक्टूबर तक पूरी तरह रद्द रहेगा.
Muzaffarpur News: त्योहारी सीजन में बढ़ेगी यात्रियों की मुश्किलें
मालूम हो कि 20 सितंबर से 04 अक्टूबर के बीच अलग-अलग तिथियों में कई अन्य ट्रेनें भी निरस्त रहेंगी. आगामी दुर्गापूजा व त्योहारी सीजन की शुरुआत में ट्रेनों के रद्द होने से लंबी दूरी व दैनिक यात्रा करने वाले रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ना तय है. त्योहारी सीजन के दौरान ट्रेनों में पहले से ही भारी भीड़ रहती है, ऐसे में चुनिंदा ट्रेनों का परिचालन बंद होने से यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है. यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे वैकल्पिक मार्गों या अन्य ट्रेनों के माध्यम से अपनी यात्रा की योजना पहले ही सुनिश्चित कर लें.
रेल प्रशासन की अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि एनआई कार्य के दौरान असुविधा से बचने के लिए स्टेशन निकलने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति (शेड्यूल) अवश्य जांच लें. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस तकनीकी कार्य का मुख्य उद्देश्य भविष्य में ट्रेनों के परिचालन को अधिक सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध बनाना है. यात्रियों की सुरक्षा और सुचारू रेल संचालन को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है, जिसके चलते अस्थायी रूप से ट्रेनों के समय में बदलाव या उन्हें रद्द करना पड़ रहा है.
