मुजफ्फरपुर के बंदरा से सूर्यमणि कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के बंदरा प्रखंड के हत्था थाना क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय मुन्नी मुसहर अजजा में सोमवार सुबह करंट लगने से तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया.
समरसेबल के तार की चपेट में आया मासूम
मृतक की पहचान विद्यालय परिसर से सटे रहने वाले रमई माझी के तीन वर्षीय पुत्र विराज कुमार के रूप में हुई है. बताया गया कि सोमवार सुबह करीब आठ बजे बच्चा विद्यालय परिसर में पहुंच गया और समरसेबल के तार की चपेट में आ गया.
घटना के बाद आनन-फानन में उसे इलाज के लिए बंदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
यह भी पढ़ें: स्कूल बस में फंसा बिजली का तार, दो दर्जन बच्चे बाल-बाल बचे
बच्चे की मौत के बाद विद्यालय में हंगामा
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए. लोगों ने विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया.
सूचना पर हत्था थानाध्यक्ष लोकेश कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया.
शिक्षक बोले- तार पर सुरक्षा कवर लगा था
विद्यालय के शिक्षक विनोद कुमार चौधरी ने बताया कि समरसेबल के तार पर सुरक्षा की दृष्टि से अतिरिक्त कवर लगाया गया था. हालांकि आसपास के बच्चे अक्सर उस पर झूलते थे, जिससे कवर खिसक गया था.
उन्होंने बताया कि ग्रीष्मावकाश के बाद सोमवार को विद्यालय खुला था और सभी शिक्षक साफ-सफाई के कार्य में लगे थे. इसी दौरान बच्चा वहां पहुंच गया और हादसा हो गया.
चहारदीवारी नहीं होने से बढ़ी परेशानी
शिक्षक ने बताया कि विद्यालय में चहारदीवारी निर्माण के लिए कई बार विभाग को पत्र लिखा गया, लेकिन अब तक निर्माण नहीं कराया गया.
उनका कहना है कि विद्यालय के बगल की बस्ती के बच्चे अक्सर परिसर में खेलते रहते हैं. यदि चहारदीवारी बनी होती तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. विराज अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र बताया जा रहा है.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.
यह भी पढ़ें: सड़क हादसे में नर्सिंग छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम
