सावधान: एटीएम बूथ के अंदर लिखे नंबर पर कॉल करते ही उड़ जाएंगे पैसे, शहर में सक्रिय है गिरोह

ATM scam helpline number fraud: मुजफ्फरपुर के अहियापुर में एटीएम के भीतर लिखे फर्जी हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करना युवक को भारी पड़ गया, साइबर अपराधियों ने खाते से उड़ाए 53 हजार रुपये.

ATM scam helpline number fraud: मुजफ्फरपुर जिला के अहियापुर थाना क्षेत्र से साइबर फ्रॉड का एक नया और बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां उमानगर मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में पैसे निकालने गए एक युवक को शातिर अपराधियों ने अपना शिकार बना लिया. बदमाशों ने एटीएम बूथ के अंदर फर्जी हेल्पलाइन नंबर लिखकर बड़ी चालाकी से युवक के खाते से 53,300 रुपये उड़ा लिए. इस संबंध में पीड़ित युवक ने अहियापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है.

यह भी पढ़ें.. खौलता पानी और नालों की गंदगी ले रही मछलियों की जान

एटीएम मशीन में फंसा कार्ड, दीवार पर लिखे फर्जी नंबर पर कॉल करते ही कटी रकम

जानकारी के अनुसार, अहियापुर के झपहा डीह निवासी पीड़ित शत्रुघ्न शर्मा मंगलवार को उमानगर स्थित एसएसबी कैंप के पास बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से पैसे निकालने गए थे. इसी दौरान तकनीकी खराबी के कारण उनका एटीएम कार्ड मशीन के अंदर ही फंस गया. पीड़ित ने जब मदद के लिए आसपास देखा तो एटीएम के अंदर एक मोबाइल नंबर लिखा हुआ था. शत्रुघ्न ने इसे बैंक का आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर समझकर उस पर कॉल कर दिया. फोन उठाने वाले अज्ञात शातिर ने खुद को एटीएम का टेक्निकल असिस्टेंट बताया और उन्हें बातों में उलझाकर निर्देश देने लगा. इसी बातचीत के दौरान शत्रुघ्न के मोबाइल पर बैंक खाते से पैसे कटने के धड़ाधड़ मैसेज आने लगे और उनके खाते से कुल 53,300 रुपये की अवैध निकासी हो गई.

यह भी पढ़ें… फल खरीदकर लौट रही महिला के गले से सोने की चेन छीना

शहर के कई इलाकों में फैला है गिरोह का जाल, सदर क्षेत्र में सबसे अधिक वारदात

एटीएम फ्रॉड गिरोह के शातिरों ने ठगी करने का यह बिल्कुल नया तरीका इजाद किया है, जिससे आम लोग आसानी से झांसे में आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र में इस तरह के सबसे अधिक फ्रॉड के मामले सामने आए हैं. इसके अलावा इस सक्रिय गिरोह ने अहियापुर, मिठनपुरा और बेला थाना क्षेत्र में भी इस तरह की कई वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की नाक में दम कर रखा है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे एटीएम बूथ के अंदर लिखे किसी भी अनधिकृत नंबर पर भरोसा न करें.

यह भी पढ़ें… बारात के दौरान हर्ष फायरिंग, तीन युवक को लगी गोली,टेंट कर्मी गंभीर स्थिति में हायर सेंटर रेफर

दूसरी घटना: एसी का रिमोट ऑनलाइन बुक करने के चक्कर में गंवाए 60 हजार रुपये

साइबर ठगी का एक अन्य मामला भी अहियापुर थाना क्षेत्र से ही सामने आया है. यहाँ के रहने वाले बेगी सहनी से बदमाशों ने एसी का रिमोट बुक करने के नाम पर खाते से 60,000 रुपये साफ कर दिए. पीड़ित ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि उन्होंने गूगल से एक कंपनी के एसी कस्टमर केयर का नंबर निकाला था. कॉल करने पर साइबर अपराधी ने रिमोट बुक करने के नाम पर केवल 5 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने को कहा. जैसे ही पीड़ित ने प्रक्रिया पूरी की, उनके खाते से कड़ियों में कुल 60 हजार रुपये गायब हो गए. पुलिस दोनों ही मामलों में बैंक खातों और मोबाइल नंबर्स को ट्रेस कर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sumit kumar

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >