मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
Army Captain House Robbery: मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कच्ची पक्की ओपी के आगा नगर गांव में शुक्रवार की देर रात अपराधियों ने एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है. चोरों ने सेना के रिटायर्ड कैप्टन राजेंद्र ठाकुर के बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब 30 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और भारी मात्रा में कैश पर हाथ साफ कर दिया. इस बड़ी चोरी के बाद से पूरे इलाके के लोगों में दहशत और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है.
यह भी पढ़ें… बिहार में अब नहीं चलेंगे 15 साल पुराने सरकारी वाहन: रजिस्ट्रेशन स्वतः होगा रद्द, कबाड़ में तब्दील होंगी गाड़ियां
अस्पताल गए थे कैप्टन, केमिकल से काटा मुख्य दरवाजे का ताला
जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड कैप्टन राजेंद्र ठाकुर अपनी पत्नी के घुटने का ऑपरेशन कराने के लिए पूरे परिवार के साथ शहर के ही एक निजी अस्पताल में गए हुए थे. घर पर ताला लटका देख और सूनेपन का फायदा उठाकर शुक्रवार की देर रात करीब दो बजे आधा दर्जन की संख्या में आए शातिर चोरों ने धावा बोल दिया. अपराधियों ने मुख्य दरवाजे के ताले को गलाने या तोड़ने के लिए किसी खास केमिकल का इस्तेमाल किया, जिससे ताला आसानी से खुल गया. अंदर दाखिल होने के बाद चोरों ने एक-एक कर छह कमरों में रखे गोदरेज और अलमारियों के लॉक तोड़ डाले और तिजोरी में रखे कीमती आभूषण व नकदी समेट ली.
फूल तोड़ने निकली महिला को बनाया बंधक, भाई के घर की बाहर से चढ़ाई कुंडी
चोरी की इस वारदात के दौरान अपराधियों का क्रूर चेहरा भी सामने आया. तड़के सुबह जब पड़ोस की एक महिला फूल तोड़ने के लिए अपने घर से बाहर निकली, तो बदमाशों ने उसे देख लिया. चोरों ने तुरंत हथियार का भय दिखाकर उस महिला को बंधक बना लिया और उसे दरवाजे पर ही बिठा दिया. इस दौरान उन्होंने महिला के गले से सोने की सिकड़ी और कान के कुंडल भी जबरन लूट लिए. यही नहीं, वारदात को बिना किसी बाधा के अंजाम देने के लिए शातिरों ने कैप्टन राजेंद्र ठाकुर के भाई राम ईश्वर ठाकुर के घर के दरवाजे को भी बाहर से कुंडी लगाकर लॉक कर दिया था, जिसे सुबह पड़ोसियों की मदद से खुलवाया गया.
यह भी पढ़ें… खेल-खेल में मोबाइल चार्जर का सॉकेट पकड़ने से 8 माह के मासूम की मौत
जांच में जुटी पुलिस, डॉग स्क्वायड और FSL की टीम खंगाल रही सीसीटीवी
सुबह जब भाई राम ईश्वर ठाकुर ने बाहर आकर देखा तो उनके होश उड़ गए. उन्होंने तुरंत कैप्टन राजेंद्र ठाकुर और स्थानीय पुलिस को सूचना दी. अस्पताल से जब रिटायर्ड कैप्टन अपने घर पहुंचे, तो कमरों में चारों तरफ सामान बिखरा देखकर सन्न रह गए. घटना की सूचना मिलते ही कच्ची पक्की ओपी की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और एफएसएल (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य और फिंगरप्रिंट्स जुटाए हैं. कच्ची पक्की ओपी के थानेदार अरविंद कुमार ने बताया कि चोरों की पहचान के लिए आगा नगर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है और जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें… आयुष्मान भारत: अब व्हाट्सऐप पर मिलेगी सुविधाएं, घर बैठे बनेगा कार्ड और दिखेगा इलाज का रिकॉर्ड
