आक्रोशित लोगों ने पुलिस को खदेडा़, बस में लगायी आग

मुजफ्फरपुर : गोबरसही में सोमवार को स्कूल जा रही साइकिल सवार छात्रा बस की चपेट में आ गयी. इसमें वह मामूली रूप से जख्मी हो गयी. हालांकि, उसकी साइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. छात्रा की पहचान गोबरसही निवासी अदिति कुमारी के रूप में हुई है. घटना से आक्रोशित लोगों ने जमकर बवाल मचाया. गोबरसही […]

मुजफ्फरपुर : गोबरसही में सोमवार को स्कूल जा रही साइकिल सवार छात्रा बस की चपेट में आ गयी. इसमें वह मामूली रूप से जख्मी हो गयी. हालांकि, उसकी साइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. छात्रा की पहचान गोबरसही निवासी अदिति कुमारी के रूप में हुई है. घटना से आक्रोशित लोगों ने जमकर बवाल मचाया.

गोबरसही चौक को जाम कर हंगामा करने लगे. जानकारी मिलने पर पहुंची सदर थाना की गाड़ी पर आक्रोशितों ने रोड़ेबाजी कर पुलिस को खदेड़ दिया. पुलिस के भागने के दौरान उसके साथ मारपीट की. थाने के एक सिपाही का राइफल भी छीनने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने राइफल छीनने से बचाया. जाम कर रहें लोगों ने बस में तोड़-फोड़ करते हुए अखाड़ाघाट निवासी चालक मुकेश कुमार की जमकर पिटाई कर दी.

उसके पॉकेट से पांच हजार रुपये, मोबाइल, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड आदि छीन लिया. उपद्रवियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बस में आग लगा दी. आग बुझाने के दौरान दारोगा शिवपूजन कुमार की वर्दी जल गयी. लेकिन किसी तरह पुलिस ने प्रयास कर बस को जलने से बचा लिया. स्थिति गंभीर होने पर थानेदार मिथिलेश कुमार झा भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गये. उन्होंने सिपाही की राइफल छीनने के दो आरोपित को मौके से गिरफ्तार कर लिया. इसमें भगवानपुर श्रमजीवी नगर निवासी अविनाश कुमार व डुमरी निवासी प्रियरंजन कुमार शामिल है. करीब तीन घंटे बाद थानेदार की पहल पर जाम समाप्त हुआ.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >