मुजफ्फरपुर : चमकी बुखार से गुरुवार को लगातार दूसरे दिन भी चार बच्चों की मौत हो गयी. इनका इलाज एसकेएमएसीएच व केजरीवाल अस्पताल में किया जा रहा था. दोनों अस्पतालों में जिन बच्चों की जान गयी, वे सभी सरैया के रहनेवाले थे. इनमें राजकिशोर राम के चार वर्षीय पुत्र सुबोध कुमार, योगेंद्र राम की ढाई वर्षीया पुत्री ज्योति कुमारी व सुचिंद्र राम के पांच वर्षीय पुत्र रंजन कुमार ने सुबह में दम तोड़ दिया.
वहीं, केजरीवाल अस्पताल में महेश कुमार मांझी के पुत्र पवन कुमार को भी डॉक्टर नहीं बचा सके. पिछले दो दिनों के अंदर इस बीमारी से नौ बच्चों की मौत हो चुकी है.शहर के दोनों अस्पतालों में गुरुवार को 12 बच्चों को भर्ती कराया गया है. दोनों अस्पतालों में फिलहाल 22 बच्चों का इलाज चल रहा है.
