मुजफ्फरपुर : भीषण गर्मी का सीधा असर लोगों के शरीर पर पड़ रहा है. गर्मी बढ़ते ही अस्पतालों में मरीजों की संख्या में इजाफा होने लगा है. अस्पताल में चाहे दवा वितरण काउंटर हो या फिर डाॅक्टर का कक्ष, सभी जगह भीड़ बढ़ने से मरीजों को इलाज कराने में परेशानी उठानी पड़ रही है. डॉक्टर भी परेशान दिख रहे हैं.
मौसम में बदलाव के साथ ही उल्टी-दस्त व पेट दर्द की बीमारी ने दस्तक दे दी है. रविवार को सदर अस्पताल में ऐसे 18 मरीज पहुंचे थे, जिन्हें उल्टी-दस्त व पेट दर्द की शिकायत थी. इसमें से 15 को दवाई देने के बाद घर भेज दिया गया, जबकि तीन को भर्ती करना पड़ा था.
डायरिया भी पसार रहा पैर: गर्मी से उल्टी-दस्त, पेट दर्द के साथ ही डायरिया ने पांव पसारना शुरू कर दिया है. इसमें सबसे ज्यादा असर बच्चों पर पड़ रहा है. गर्मी में बच्चों के बीमार होते ही अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ा है. गर्मी के कारण उल्टी दस्त, बुखार, पेट में दर्द, सांस की बीमारी आदि रोग बच्चों में हो रहे हैं. ज्यादातर बच्चे उल्टी दस्त के अलावा वायरल फीवर से भी परेशान हो रहे हैं.
सदर अस्पताल में पिछले 2 दिनों में 18 मरीज, केजरीवाल अस्पताल में 80 और एसकेएमसीएच में 30 मरीज डायरिया के पहुंच चुके हैं. चिकित्सकों की माने तो डायरिया एक जल जनित बीमारी है. गर्मी बढ़ते ही लोग अपनी प्यास बुझाने के लिए कहीं से भी खरीदकर पानी पीना शुरू कर देते हैं. वहीं, टैंकरों व सप्लाई का पानी भी कई बार खराब आ जाता है. इसलिए लोगों को इस मौसम में हमेशा साफ पानी या पानी को उबाल कर ही पीना चाहिए.
