मुजफ्फरपुर : बेला में ऑटो चालकों से भिड़े एमआईटी के छात्र, मारपीट
मुजफ्फरपुर : एमआईटी के छात्रों ने मंगलवार को बेला में जमकर हंगामा किया. महिला पॉलीटेक्निक बेला से परीक्षा देकर बाहर निकले, तो किसी बात को लेकर ऑटो चालकों से उलझ गये और पिटाई कर दी. कुछ ही देर में ऑटो चालकों के पक्ष में दर्जनों स्थानीय लोग जुट गये और छात्रों को घेर लिया. इस […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
मुजफ्फरपुर : एमआईटी के छात्रों ने मंगलवार को बेला में जमकर हंगामा किया. महिला पॉलीटेक्निक बेला से परीक्षा देकर बाहर निकले, तो किसी बात को लेकर ऑटो चालकों से उलझ गये और पिटाई कर दी. कुछ ही देर में ऑटो चालकों के पक्ष में दर्जनों स्थानीय लोग जुट गये और छात्रों को घेर लिया. इस दौरान दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई. कुछ स्थानीय उद्यमी बीच-बचाव करने पहुंचे, तो छात्रों ने उनके साथ भी मारपीट की. घटना को लेकर करीब घंटा भर अफरा-तफरी मची रही. लोगों ने किसी तरह मामले को शांत किया.
एमआईटी के बीटेक व फॉर्मेसी थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा महिला पॉलीटेक्निक में चल रही है. मंगलवार को अंतिम दिन और अंतिम पेपर की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक थी. परीक्षा देकर बाहर निकलते ही कॉलेज से कुछ दूर छात्रों की एक ऑटाे चालक से कहासुनी हो गयी. छात्रों ने उसके साथ ही अन्य चालकों की भी पिटाई कर दी.
इससे नाराज चालकों ने दर्जनों लोगों को बुला लिया. छात्रों और स्थानीय लोगों की भिड़ंत के चलते हंगामे की स्थिति बन गयी. इस बीच किसी ने स्थानीय पुलिस को भी सूचना दे दी, लेकिन जबतक पुलिस पहुंचती, मामला शांत हो चुका था. पॉलीटेक्निक के प्राचार्य डॉ वरुण राय ने कहा कि परीक्षा केंद्र पर किसी तरह का विवाद नहीं हुआ है. यहां से शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा देकर छात्र निकले हैं. कहा कि बाहर ऑटो चालकों के साथ विवाद की सूचना मिली है, लेकिन उससे परीक्षा को कोई संबंध नहीं है.