मुजफ्फरपुर : अहियापुर एनएच 57 फोरलेन पर मंगलवार की शाम दो वाहन दुर्घटना में एक मजदूर व एक छात्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. इस घटना में दो लोग जख्मी हो गये थे. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं एनएच 77 पर हुए बाइक दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. उसे स्थानीय लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया.
मुआवजे के लिए एनएच 57 व एनएच 77 जाम
अहियापुर थानाक्षेत्र के मिठनपुरा फोरलेन एनएच 57 पर मंगलवार की शाम अनियंत्रित स्कॉर्पियो चालक ने साइकिल सवार दो मजदूरों को रौंद दिया. इससे एक मजदूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. दूसरा मजदूर गंभीर रूप से जख्मी है. उसे स्थानीय लोगों ने एसकेएमसीएच में भर्ती कराया.
मृतक की पहचान थानाक्षेत्र के नेउरी गांव निवासी बिकाऊ साह (45) के रूप में की गयी. वहीं गंभीर रूप से जख्मी मजदूर गनौउर साह की हालत गंभीर बनी है. घटना से आक्रोशित लोगों ने मौके पर आगजनी करते हुए एनएच 57 जाम कर दिया.
इधर, आक्रोशित लोगों ने मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी मार्ग एनएच 77 मेडिकल फोरलेन के पास बांस-बल्ला गला कर जाम कर दिया. जाम के कारण एनएच पर पांच किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गयी. सूचना पर अहियापुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने लोगों को समझा-बुझा का जाम समाप्त कराया.
मृतक के पुत्र मुकेश व राकेश बताया कि उसके पिता शहर से मजदूरी कर घर लौट रहे थे. मिठनपुरा के पास फोरलेन पार करने के दौरान अनियंत्रित स्कॉर्पियो दोनों को रौंद दिया. सीओ ने मृतक के परिजन को चार लाख रुपये मुआवजे का चेक दिया.
