मुजफ्फरपुर: बिहार में मॉनसून आ गया है. मॉनसून के प्रवेश के साथ ही 18 जून से बारिश शुरू होगी. वहीं तेज पुरवा हवा के कारण लोगों को गरमी से भी राहत मिलने की संभावना है.
18 से 19 जून तक हल्की बूंदाबांदी होगी. इसके बाद 20 जून से मध्यम बारिश का अनुमान है. मुजफ्फरपुर की बात करें तो यहां 20 व 21 जून को अच्छी बारिश की भविष्यवाणी की गयी है. मॉनसून प्रवेश करने के साथ ही यहां मंगलवार की सुबह बूंदाबांदी हुई.
राजेंद्र कृषि विश्वविद्यालय पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम परामर्शी सेवा के नोडल पदाधिकारी डॉ आइ बी पांडेय ने बताया कि बिहार में मॉनसून प्रवेश कर गया है. 18 जून से यहां बादल छायेंगे. कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होगी. इसके बाद तेज पुरवा हवा के साथ बारिश की संभावना है. हवा की गति इन दिनों नौ से 20 किमी प्रति घंटे की गति से चलेगी. नमी में भी कमी आयेगी. सुबह में 65 से 85 व दोपहर में 40 से 50 फीसदी नमी रहेगी. अगले तीन दिन तक न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस रहेगा. मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.6 व न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
