Vande Bharat Express: बिहार के मुजफ्फरपुर में वंदे भारत एक्सप्रेस को बदमाशों ने एक बार फिर निशाना बनाया. ट्रेन पर बदमाशों ने पत्थर फेंके. मुजफ्फरपुर के कांटी और मोतीपुर के बीच गाड़ी नंबर- 26501 गोरखपुर-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस पर पत्थर फेंके गए. मामले को लेकर बापूधाम मोतिहारी आरपीएफ में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. इस घटना के बाद यात्रियों के बीच दहशत फैल गई.
कब हुई पूरी घटना?
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की शाम गोरखपुर-पाटलिपुत्र वंदे भारत एक्सप्रेस मुजफ्फरपुर-गोरखपुर रेलखंड से गुजर रही थी. तभी कांटी और मोतीपुर के बीच बदमाशों ने निशाना बनाते हुए पत्थरबाजी की. इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. लेकिन ट्रेन के कोच नंबर C-5 की खिड़की का शीशा टूट गया. सुरक्षा कवच वाला कांच पूरी तरह से चकनाचूर हो गया.
घटना की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस पूरी घटना की जांच में जुटी है. पुलिस को ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात स्कॉर्ट पार्टी, गार्ड और ट्रेन मैनेजर से घटना की जानकारी मिली. साथ ही सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है. इससे बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. जानकारी के मुताबिक, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने स्थानीय पुलिस की मदद से कपरपूरा और कांटी के बीच ऑपरेशन शुरू करने की बात कही है.
यात्रियों के बीच असुरक्षा का भाव
वंदे भारत एक्सप्रेस देश की हाई-सपीड और मॉडर्न टेक्नोलॉजी वाली ट्रेन की लिस्ट में शामिल है. ऐसे में ट्रेन पर हो रहे पथराव को लेकर यात्रियों के बीच सफर के दौरान कहीं ना कहीं असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो गई है. यह पहली बार नहीं है जब वंदे भारत एक्सप्रेस को बदमाशों ने निशाना बनाया. ऐसे में इस बार पुलिस अपराधियों तक कब तक पहुंचती है, यह देखने वाली बात होगी.
Also Read: बहन की शादी में दिल्ली से लौटे भाई की पीट-पीटकर हत्या, मां बोली- मेरे बेटे का क्या कसूर था
