मुजफ्फरपुर : फासीवादी, मनुवादी भाजपा को गद्दी से उतार फेंकने के लिए भाकपा माले की ओर से जन अधिकार पदयात्रा निकाली गयी है. एक मई को मजदूर दिवस के दिन पटना में जन अधिकार महासम्मेलन होगा. वहीं, पांच मई को कार्ल मार्क्स की 200वीं जयंती है. उस दिन माले हर गांव में कार्यक्रम करेगा. बदलाव की लड़ाई के लिए मार्क्स के विचार बेहद जरूरी है.उक्त बातें भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने शनिवार को प्रेसवार्ता के दौरान कही.
वह माले की जन अधिकार पदयात्रा में शामिल होने के लिए शहर में पहुंचे थे. उनके नेतृत्व में यह पदयात्रा पटना रवाना हुई. उन्होंने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि आज भाजपा के पास नफरत, उन्माद व उत्पात के अलावा कोई दूसरा विचार नहीं है. गांवों में भारी संकट है और सरकार इससे बेखबर है.
बिहार में शराबबंदी कानून के नाम पर गरीब-दलित को जेल में डाल दिया गया, जबकि शराब माफियाें को खुली छूट है. गरीब, किसान, मजदूर, दलित, महिला, अल्पसंख्यक, छात्र-नौजवान के भीतर भारी आक्रोश है. सभी अपने लोकतांत्रिक सवालों को लेकर लड़ाई लड़ नहीं सकें, इसलिए भाजपा उन्माद व उत्पात की राजनीति कर रही है.
भाजपा ने 2014 में किये एक भी वादे को पूरा नहीं किया. बेरोजगारी लगातार बढ़ती जा रही है और एससी-एसटी को जो कानून की सुरक्षा थी, उसे खत्म करने की साजिश की जा रही है. उन्होंने लोगों से सड़कों पर उतरकर संघर्ष करने के लिए आह्वान किया. प्रेसवार्ता में राज्य सचिव कुणाल, महासचिव धीरेंद्र झा, एेपवा महासचिव मीना तिवारी, माले सचिव कृष्ण मोहन आदि मौजूद थे. पदयात्रा पार्टी कार्यालय से महासचिव दीपंकर के नेतृत्व में जुब्बा सहनी पार्क स्थित उनके प्रतिमा स्थल पर पहुंची.
यहां माल्यार्पण के बाद सभा हुई. पदयात्रा का नेतृत्व महासचिव धीरेंद्र झा, महासचिव मीना तिवारी, विधायक सत्यदेव राम, वैद्यनाथ यादव व कृष्ण मोहन अादि कर रहे थे.
इसमें उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों से वीपी गुप्ता, प्रभुदेव यादव, अरुण कुमार, सुनील यादव, शनिचरी देवी सहित सैकड़ों प्रतिनिधि व कार्यकर्ता शामिल हैं. पदयात्रा का स्वागत करनेवालों में प्रो नंद किशोर नंदन, डॉ वीरेंद्र कुमार सिंह, विधान पार्षद प्रो संजय कुमार सिंह, डॉ ब्रह्मानंद ठाकुर, आनंद पटेल, महेश प्रसाद ठाकुर चकोर, नागेश्वर प्रसाद सिंह, प्रो विमल विश्वास, प्रो अवधेश कुमार सिंह, डॉ रेवती रमण, प्रो अल्तमश अली दाउदी आदि थे.
जनाधिकार पदयात्रियों का भव्य स्वागत
कुढ़नी. भाकपा (माले) बिहार राज्य कमेटी के आह्वान पर भाजपा भगाओ, बिहार बचाओ जनाधिकार पदयात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं का जत्था शनिवार को कुढ़नी के तुर्की में पहुंचा. दरभंगा से निकली पदयात्रा पटना गांधी मैदान में पहुंचेगा. पद यात्रियों का तुर्की में स्वागत किया गया. स्वागत करनेवालों में भाकपा(माले) के तुर्की प्रखंड प्रभारी परशुराम पाठक, किसान महासभा के नेता होरल राय, बिहार राज्य विद्यालय रसोईया संघ के चन्देश्वर भगत, इंसाफ मंच के तैय्यब अंसारी और हाजीपुर के आंबेडकर छात्रावास में बलात्कार व हत्या की शिकार डीका की मां कुसुमी देवी ने जनाधिकार पदयात्रियों का स्वागत किया.
ऐपवा की राष्ट्रीय महासचिव मीना तिवारी ने कहा कि भाजपा कि सरकार कठुवा से उन्नाव तक बालात्कारियों को बचाने का काम कर रही है. भाकपा(माले) के केंद्रीय कमिटी सदस्य सह खेग्रामस के राष्ट्रीय महासचिव धीरेन्द्र झा ने कहा कि पटना-दिल्ली की भाजपा की सरकार ठेका-मानदेय पर बंधुवा मज़दूरी करवा रही है. सभा में विधायक सत्यदेव राम, महासभा के राज्य अध्यक्ष विशेश्वर यादव , प्रखंड प्रभारी परशुराम पाठक समेत अन्य थे .
