बकरी चराने निकला था युवक, पैर धोने के दौरान बाढ़ के गहरे पानी में डूबा : तलाश जारी

बरियारपुर में बाढ़ का पानी एक युवक की जान ले गया. राजकुमार मंडल पैर धोते समय गहरे पानी में चले गए और डूब गए. परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं क्षेत्र में यह चौथी ऐसी घटना है.

मुंगेर जिले के बरियारपुर प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को बाढ़ के पानी में 42 वर्षीय राजकुमार मंडल डूब गये. घटना मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन मार्ग में नीरपुर संपर्क पथ के समीप की है. सूचना मिलते ही बरियारपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय तैराकों की मदद से गहरे पानी में राजकुमार की तलाश शुरू करायी गयी. हालांकि, देर तक तलाश के बावजूद उनका पता नहीं चल सका.

घटना के बाद राजकुमार के परिजनों में कोहराम मच गया. घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गयी. परिजन पुल के नीचे खड़े होकर राजकुमार के बाहर निकलने का इंतजार करते रहे.

पैर धोने के दौरान गहरे पानी में चला गया पैर

बताया गया कि मिर्जाचक निवासी रंजो देवी के पति राजकुमार मंडल मंगलवार को गांव से बकरी चराने के लिए फोरलेन की ओर गये थे. इसी दौरान नीरपुर संपर्क पथ के समीप फोरलेन पुलिया के पास वे पैर धोने के लिए बाढ़ के पानी में उतरे.

पैर धोने के दौरान अचानक उनका पैर गहरे पानी में चला गया और वे डूब गये. आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी.

स्थानीय तैराकों की मदद से तलाश जारी

सूचना मिलते ही बरियारपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. इसके बाद स्थानीय तैराकों को बुलाकर गहरे पानी में राजकुमार की तलाश शुरू करायी गयी. काफी प्रयास के बावजूद उनका पता नहीं चल सका.

घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा रही. पुलिस और स्थानीय लोगों की ओर से युवक की तलाश जारी रखी गयी.

पत्नी और चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

राजकुमार मंडल अपने पीछे पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गये हैं. उनके परिवार में 21 वर्षीय पुत्री आंचल कुमारी, 19 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार, 16 वर्षीय पुत्री आशा कुमारी और 14 वर्षीय पुत्र सौरव कुमार हैं.

घटना के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों की चीख-पुकार से घटनास्थल का माहौल गमगीन बना हुआ है.

बाढ़ में डूबने की चौथी घटना

स्थानीय स्तर पर बताया जा रहा है कि बरियारपुर प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ के पानी में डूबने की यह चौथी घटना है. लगातार बाढ़ के पानी के बीच आवागमन और अन्य गतिविधियों के कारण लोगों के सामने खतरा बना हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजीव कुमार

संजीव कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बरियारपुर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >