जमालपुर स्टेशन पर बन रहा 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का रूका काम
जमालपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार से आरंभ हुए 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य शुक्रवार को रोक दिया गया है.
By RANA GAURI SHAN | Updated at :
पीरपैंती, कहलगांव और सुल्तानगंज के एफओबी बनने के बाद काम होगा आरंभजमालपुर. जमालपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार से आरंभ हुए 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य शुक्रवार को रोक दिया गया है. इस कारण प्लेटफाॅर्म संख्या एक पर की गयी बैरिकेडिंग को वहां से हटा दिया गया है. जानकारी में बताया गया कि इस योजना के तहत इस रेलखंड के कई अन्य रेलवे स्टेशन पर बनने वाले एफओबी का काम पूरा करने के बाद जमालपुर स्टेशन पर इस कार्य को आरंभ किया जायेगा. गुरुवार को ही जमालपुर स्टेशन के प्लेटफाॅर्म संख्या एक, दो तथा तीन को जोड़ने वाले 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य आरंभ किया गया था. गति शक्ति यूनिट द्वारा इसके लिए प्लेटफाॅर्म संख्या एक के निर्माण स्थल को घेर लिया गया था और वहां बोर्ड लगा दिया गया था कि रेल यात्री दूसरे ओवरब्रिज का सहायता लें, लेकिन रातों-रात निर्माण स्थल को घेरने वाली सामग्री को हटा लिया गया और एक बार फिर पुराने फुट ओवर ब्रिज को यात्रियों के लिए खोल दिया गया है.
पीरपैंती कहलगांव और सुल्तानगंज के फुट ओवर ब्रिज का काम भी अधूरा
रेलवे के उच्च पदस्थ सूत्रों से मिली जानकारी में बताया गया है कि मालदा रेल मंडल के साहिबगंज लूप लाइन के विभिन्न स्टेशनों पर फुट ओवर ब्रिज निर्माण का कार्य एक ही एजेंसी को दिया गया है. वही एजेंसी पीरपैंती, कहलगांव और सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य कर रही है. जो अबतक अधूरा पड़ा है. ऐसे में मुख्यालय मालदा के आदेशानुसार उक्त तीनों रेलवे स्टेशनों का काम पूरा होने के बाद ही जमालपुर में 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का कार्य आरंभ किया जायेगा. इस कारण अब फुटओवर ब्रिज के निर्माण के लिए चिह्नित स्थल पर से बैरिकेडिंग को हटा लिया गया है. बता दें कि वर्ष 2023 में ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जमालपुर रेलवे स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े फोट ओवर ब्रिज सहित विभिन्न कार्यों के लिए केंद्र द्वारा 34 करोड़ की राशि आवंटित की गयी है. ढ़ाई वर्ष बीतने के बावजूद अबतक जमालपुर से गुजरने वाले रेल यात्रियों को इस योजना के तहत कोई खास सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा सकी है. बता दें कि जबतक 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज का निर्माण नहीं होगा, तब तक रेलवे स्टेशन से ईस्ट कॉलोनी क्षेत्र का सीधा संपर्क का स्थापित नहीं हो पायेगा.
कहते हैं अधिकारी
जमालपुर स्टेशन के नोडल अधिकारी केके दास ने बताया कि स्टेशन के दो और तीन नंबर प्लेटफाॅर्म पर लगा लिफ्ट खराब है. ऐसी स्थिति में यदि पुरानी फोटो पर ब्रिज को डिमोलिश किया जाता या ध्वस्त किया जाता तो यात्रियों को परेशानी होती. स्थिति को देखते हुए बड़ी अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद फिलहाल काम रोका गया है.