तारापुर थाना क्षेत्र के विषय गांव में प्रसव के महज एक दिन बाद 21 वर्षीय प्रसूता गुड़िया कुमारी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही मायके वाले गांव पहुंचे और ससुराल पक्ष पर संदिग्ध पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया. पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी है, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेजा गया है.
अस्पताल में हुई थी सामान्य डिलीवरी
जानकारी के अनुसार गुड़िया कुमारी को रविवार को तारापुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल में उसकी सामान्य डिलीवरी हुई, लेकिन उसने मृत नवजात को जन्म दिया. अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. मदन पाठक ने बताया कि महिला अस्पताल पहुंची थी, तब नवजात गर्भ में ही मृत और मैसरेटेड अवस्था में था.
करीब 12 घंटे चिकित्सीय निगरानी में रही महिला
चिकित्सकों की टीम के प्रयास से प्रसव कराया गया. इसके बाद महिला को करीब 12 घंटे तक चिकित्सीय निगरानी में रखा गया. अस्पताल प्रशासन के अनुसार उसकी स्थिति सामान्य पाए जाने के बाद रविवार शाम उसे छुट्टी दे दी गई. हालांकि सोमवार सुबह उसकी अचानक मौत की सूचना मिली.
मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया आरोप
गुड़िया की मौत की जानकारी मिलते ही उसके मायके वाले विषय गांव पहुंचे. परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गुड़िया को संदिग्ध पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया और हंगामा किया. हालांकि आरोपों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलने पर दरोगा अनिल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया. थानाध्यक्ष राज कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई जा रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
