मुंगेर (धरहरा) से सुमन कुमार की रिपोर्ट
Viral Video : मुंगेर जिले के धरहरा क्षेत्र से सोशल मीडिया पर एक कथित वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक युवक बाइक पर बैठा नजर आ रहा है और उसके सामने कई पिस्तौल व देशी कट्टे जैसे दिखने वाले हथियार रखे दिखाई दे रहे हैं. वीडियो के वायरल होने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वीडियो की सत्यता और युवक की पहचान की पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी.
वीडियो में हथियारों के साथ रील बनाने का दावा
वायरल वीडियो में शुरुआती हिस्से में कथित हथियारों में कारतूस भरने जैसी गतिविधि दिखाई देती है. इसके बाद अंतिम हिस्से में एक युवक का चेहरा भी नजर आता है. वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर तेजी से साझा किया जा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
युवक की पहचान को लेकर चर्चाएं तेज
स्थानीय सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा युवक लड़ैयाटांड़ थाना क्षेत्र के घटवारी गांव का रहने वाला हो सकता है. हालांकि इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इसलिए युवक की पहचान और वीडियो की वास्तविकता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
पुलिस ने कहा- जानकारी मिलने पर होगी जांच
Viral Video : इस मामले में लड़ैयाटांड़ थानाध्यक्ष विभांशु शेखर भास्कर ने बताया कि उन्हें फिलहाल इस वायरल वीडियो की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है. उन्होंने कहा कि यदि ऐसा कोई वीडियो सामने आया है तो उसकी जांच की जाएगी. वीडियो की सत्यता, उसमें दिख रहे व्यक्ति की पहचान और कथित हथियारों की वास्तविकता की पुष्टि के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री की होगी पड़ताल
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली किसी भी सामग्री की सत्यता की जांच आवश्यक होती है. जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है. यदि वीडियो में कानून का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ : कभी राहगीरों और मवेशियों की प्यास बुझाता था यह तालाब, अब कूड़े का ढेर बनकर खो रहा अपना अस्तित्व
