सोसीन पहाड़ी से दो देशी बंदूकें व तीन कारतूस बरामद

सोसीन पहाड़ी से दो देशी बंदूकें व तीन कारतूस बरामद

झाड़ियों व पत्थरों के बीच छिपाकर रखे गए थे हथियार, पैसरा कैंप की सीआरपीएफ 215 बटालियन ने चलाया बड़ा सर्च ऑपरेशन, इलाके में बढ़ाई गयी सतर्कता

धरहरा (मुंगेर). लड़ैयाटांड़ थाना क्षेत्र के दुर्गम पहाड़ी इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे सर्च अभियान के दौरान गुरुवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पैसरा कैंप की बी-215 सीआरपीएफ बटालियन ने सोसीन पहाड़ी एवं आसपास के जंगलों में चलाए गए अभियान के दौरान दो देशी बंदूकें व तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. बरामद हथियार व कारतूसों को नक्सली गतिविधियों से जोड़कर देखा जा रहा है. हथियार बरामदगी के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था व सतर्कता बढ़ा दी गयी है.

इंटेलिजेंस इनपुट पर हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार सीआरपीएफ मुख्यालय 215वीं वाहिनी की आसूचना शाखा (इंटेलिजेंस विंग) से गुप्त सूचना मिली थी कि सोसीन पहाड़ी और उसके आसपास के जंगलों में संदिग्ध लोगों की गतिविधियां देखी जा रही हैं. वहां भारी मात्रा में हथियार छिपाकर रखे गए हैं. सूचना मिलते ही पैसरा कैंप की सीआरपीएफ 215 बटालियन के कमांडेंट विनोद कुमार मोहरील के दिशा-निर्देश पर सहायक कमांडेंट संदीप कुमार के नेतृत्व में सुरक्षा बलों की एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम डीएसएमडी (डीप सर्च मेटल डिटेक्टर) व डॉग स्क्वायड के साथ सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना हुई.

घेराबंदी कर चलाया गया सघन चेकिंग अभियान

जवानों ने सोसीन पहाड़ी की चारों तरफ से घेराबंदी कर जंगल के विभिन्न हिस्सों में गहन तलाशी ली. इस दौरान जवानों को झाड़ियों व पत्थरों के बीच छिपाकर रखी गयी दो देशी बंदूकें व तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए. बरामद हथियारों में 12 बोर की एक देशी बंदूक तथा आठ एमएम की एक देशी बंदूक शामिल है. इसके अलावा कारतूसों में एक 5.56 एमएम तथा एक 7.62×39 एमएम का कारतूस शामिल है. सुरक्षा बलों ने सभी बरामद हथियारों और कारतूसों को तुरंत जब्त कर लिया.

बैकफुट पर नक्सली, कॉम्बिंग ऑपरेशन तेज

अधिकारियों का मानना है कि नक्सलियों ने सुरक्षा बलों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए इन हथियारों को जंगल में छिपाकर रखा था. अभियान में शामिल अधिकारियों के अनुसार सोसीन पहाड़ी और आसपास का इलाका पहले भी नक्सली गतिविधियों को लेकर बेहद संवेदनशील माना जाता रहा है. हाल के दिनों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार चलाए जा रहे कड़े अभियान के कारण नक्सली संगठन काफी कमजोर पड़े हैं, लेकिन अब भी कुछ सुदूर इलाकों में उनकी सक्रियता की आशंका बनी हुई है. इसी को ध्यान में रखते हुए जंगलों में लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं. सुरक्षा बलों ने संभावना जताई है कि आने वाले दिनों में इस अभियान के दौरान और भी हथियार अथवा नक्सलियों से जुड़ी सामग्री बरामद हो सकती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RANA GAURI SHAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >