कारगिल विजय दिवस : मुंगेर के विजय चौक पर गूंजे देशभक्ति के नारे, अमर शहीदों को लोगों ने दी श्रद्धांजलि

Kargil Vijay Diwas : मुंगेर शहर के ऐतिहासिक विजय चौक पर कारगिल विजय दिवस के अवसर पर हज़ारों नागरिक, युवा, महिलाएं और छात्र-छात्राएं जुटे. सभी ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की. भव्य तिरंगा यात्रा और मार्च पास्ट ने माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया.

Kargil Vijay Diwas : कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार की शाम मुंगेर शहर के ऐतिहासिक विजय चौक पर बड़ी संख्या में नागरिक, युवा, महिलाएं और छात्र-छात्राएं जुटे. सभी ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अद्वितीय साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया. पूरा विजय चौक "भारत माता की जय", "वंदे मातरम्", "कारगिल के अमर शहीद अमर रहें" और "जब तक सूरज-चांद रहेगा, शहीदों तेरा नाम रहेगा" जैसे नारों से गूंज उठा.

भव्य तिरंगा यात्रा और मार्च पास्ट ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम की शुरुआत शहर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा के विजय चौक पहुंचने के साथ हुई. टाउन हाई स्कूल के एनसीसी कैडेट्स ने सीनियर प्रत्युष कुमार के नेतृत्व में आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया. प्रशिक्षक पियूष और कमलेश के निर्देशन में बच्चों ने देशभक्ति से भरपूर प्रस्तुतियां दीं, वहीं मुंगेर चक दे फिजिकल ट्रेनिंग सेंटर के बच्चों ने प्रशिक्षक शिवम कुमार के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन कर लोगों का उत्साह बढ़ाया.

शहीदों का बलिदान हमेशा रहेगा प्रेरणा

मुख्य अतिथि महापौर कुमकुम देवी ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले कारगिल के वीर सैनिक सदैव राष्ट्र के प्रेरणास्रोत रहेंगे. वक्ताओं ने कहा कि भारतीय सेना ने 26 जुलाई 1999 को कारगिल युद्ध में ऐतिहासिक विजय हासिल कर पूरी दुनिया के सामने अपने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय दिया. यह विजय देश के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है.

देश का पहला कारगिल स्मारक होने का गौरव

कार्यक्रम में बताया गया कि मुंगेर का विजय चौक देश का पहला कारगिल स्मारक माना जाता है. वर्ष 1999 में जागरूक नागरिकों ने मात्र 19 दिनों में इसका निर्माण कराया था. स्मारक पर तत्कालीन संयुक्त बिहार-झारखंड के 32 कारगिल शहीदों के नाम अंकित हैं. वर्ष 2000 से यहां प्रत्येक कारगिल विजय दिवस, स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जाता है.

पूर्व सैनिकों और नागरिकों की रही सक्रिय भागीदारी

कार्यक्रम का संचालन कौशल किशोर पाठक ने किया. इस अवसर पर विजय चौक प्रबंध समिति के अध्यक्ष संजय बबलू, सचिव सनत कुमार, कार्यक्रम संयोजक राजीव वर्मा, पूर्व सैनिक, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे. सभी ने एक स्वर में देश के वीर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राणा गौरी शंकर

राणा गौरी शंकर प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक आज से की. अभी प्रभात खबर के मुंगेर कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >