Eco Club: बरियारपुर स्थित बालिका उच्च विद्यालय में शनिवार को इको क्लब के बैनर तले पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व शिक्षक दीपक दास ने किया, जबकि अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाध्यापक रेणु सिन्हा ने की. इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए और विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया.
विद्यार्थियों को बताया पौधों का महत्व
शिक्षक दीपक दास ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. उन्होंने बताया कि पेड़-पौधे वातावरण में मौजूद दूषित गैसों को अवशोषित कर शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, जिससे पर्यावरण संतुलित बना रहता है.
प्राकृतिक आपदाओं से बचाव का संदेश
उन्होंने कहा कि आज बढ़ती प्राकृतिक आपदाओं और जलवायु परिवर्तन का प्रमुख कारण पर्यावरणीय असंतुलन है. यदि प्रत्येक व्यक्ति पौधारोपण कर उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकता है. विद्यार्थियों से अपने घर और आसपास भी पौधे लगाने की अपील की गयी.
पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान इको क्लब के विद्यार्थियों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अन्य लोगों को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया. विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधों की सुरक्षा और संरक्षण की जिम्मेदारी भी विद्यार्थियों को सौंपी गयी.
शिक्षक और छात्र रहे मौजूद
Eco Club: कार्यक्रम में शिक्षक कृष्णकांत सिंह, नीलू कुमारी, रंजू कुमारी, अभिषेक कुमार, हरिशंकर सिंह, प्रभात कुमार, अमरजीत कुमार, अमित कुमार, पूनम कुमारी, दिलीप कुमार सिन्हा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
