स्थानांतरण का पेंच : डीएसएम कॉलेज, झाझा व आरडी कॉलेज, शेखपुरा में गणित के शिक्षक नहीं

झाझा के जिस गणित शिक्षक का स्थानांतरण आरडी कॉलेज, शेखपुरा किया गया.

बढ़ी मुश्किल नामांकित 265 विद्यार्थियों का भविष्य भगवान भरोसे मुंगेर

मुंगेर विश्वविद्यालय में स्थानांतरण का पेंच अब छात्रहित से अधिक जरूरी हो गया है. जबकि इस स्थानांतरण के पेंच में अब एमयू के दो कॉलेजों में गणित विषय में नामांकित 265 विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर लग गया है. एमयू में स्थानांतरण के पेंच का हाल यह है कि दिसंबर में डीएसएम कॉलेज, झाझा के जिस गणित शिक्षक का स्थानांतरण आरडी कॉलेज, शेखपुरा किया गया. उस शिक्षक द्वारा पहले तो योगदान नहीं दिया गया और अब विश्वविद्यालय द्वारा उसी शिक्षक का स्थानांतरण आरएस कॉलेज, तारापुर कर दिया गया है. अब ऐसे में एमयू के दो कॉलेज डीएसएम कॉलेज, झाझा तथा आरडी कॉलेज, शेखपुरा में गणित के एक भी शिक्षक नहीं बचे. जिससे अब इन दोनों कॉलेजों में गणित विषय में नामांकित 265 विद्यार्थियों का भविष्य भगवान भरोसे है.

स्थानांतरण का पेंच, पहले स्पष्टीकरण, अब रियायत

डीएसएम कॉलेज, झाझा में नियुक्त गणित शिक्षक डॉ राकेश पासवान का विश्वविद्यालय द्वारा 21 दिसंबर 2025 को आरडी कॉलेज, शेखपुरा स्थानांतरण कर दिया गया था. जबकि उनकी जगह पर उस कॉलेज में गणित के किसी दूसरे शिक्षक का स्थानांतरण नहीं किया गया. हद तो यह है कि स्थानांतरण के बाद डॉ राकेश पासवान ने योगदान नहीं दिया और चिकित्सीय अवकाश पर चले गये. इसे लेकर विश्वविद्यालय द्वारा 17 जनवरी 2026 को उनसे स्पष्टीकरण भी पूछा गया कि क्यों नहीं उनके विरूद्ध उनके विरूद्ध निलंबन व प्रशासनिक कार्रवाई आरंभ की जाये, लेकिन इस बीच अब 21 जनवरी को दोबारा विश्वविद्यालय द्वारा डॉ राकेश पासवान का स्थानांतरण आरएस कॉलेज, तारापुर कर दिया गया है.

पत्नी के भागलपुर में कार्यरत होने को लेकर अनुकंपा पर दिया गया है लाभ

बता दें कि 21 जनवरी को विश्वविद्यालय ने अधिसूचना जारी कर डॉ राकेश पासवान का स्थानांतरण आरएस कॉलेज, तारापुर कर दिया है. जिसमें कहा गया है कि बीएसयू अधिनियम 1976 (संशोधित एवं अद्यतन) के अनुच्छेद 10(11) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए कुलपति ने गणित विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. राकेश पासवान से प्राप्त अनुरोध पर विचार करने के बाद अनुकंपा के आधार पर उन्हें डीएसएम कॉलेज, झाझा से आरएस कॉलेज, तारापुर में स्थानांतरित किया है, ताकि उन्हें और उनकी कामकाजी पत्नी (जो वर्तमान में सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज, भागलपुर में तैनात हैं) को एक साथ रहने की सुविधा मिल सके.

अब दो कॉलेज में गणित के 265 विद्यार्थी भगवान भरोसे

एमयू में स्थानांतरण का पेंच अब विद्यार्थियों के लिये मुसीबत बन गया है. डीएसएम कॉलेज, झाझा एवं आरडी कॉलेज, शेखपुरा में गणित के शिक्षक नहीं हैं. जिससे अब दोनों कॉलेज में गणित विषय में नामांकित 265 विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर लग गया है. हद तो यह है कि जिस आरएस कॉलेज, तारापुर में गणित के शिक्षक का स्थानांतरण किया गया है. वहां पहले एक गणित विषय में एक शिक्षक डॉ मुकेश कुमार कार्यरत हैं. जिससे अब वहां गणित विषय में दो शिक्षक हो गये हैं.

कहते हैं कुलपति

कुलपति प्रो संजय कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय को छात्रहित की चिंता है. दोनों कॉलेजों में गणित विषय में शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT JHA

AMIT JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >