उदीयमान सूर्य को अर्घ अर्पित करने के साथ चार दिवसीय महापर्व छठ संपन्न

व्रतियों ने अपने हाथों में फल-फूल व पकवान से सजे सूप को लेकर आराध्य देव की आराधना की.

प्रभात खबर टोली, मुंगेर —————————— लोक आस्था का महापर्व चैती छठ बुधवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ देने के साथ संपन्न हो गया. अहले सुबह से ही भगवान भास्कर को अर्घ अर्पित करने के लिए विभिन्न गंगा घाटों और तालाब के किनारे श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही तथा छठि मैया के पावन गीतों से घाटों का वातावरण काफी रमणीय हो गया. छठ पूजा के दौरान विभिन्न गंगा घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे़ मुंगेर के कष्टहरणी घाट, बबुआ घाट, सोझी घाट, बेलवा घाट, कंकड़ घाट सहित अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. चैती छठ पर अहले सुबह सूर्य की झलक पाते ही व्रतियों ने नदी व जलाशयों में डुबकी लगाई और भगवान भास्कर की आराधना की. इसके बाद व्रतियों ने अपने हाथों में फल-फूल व पकवान से सजे सूप को लेकर आराध्य देव की आराधना की. वहीं श्रद्धालुओं ने अर्घ अर्पित किया. तत्पश्चात श्रद्धालुओं ने व्रतियों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और प्रसाद प्राप्त किया. वहीं सुहागिन महिलाओं को व्रतियों ने सिंदूर लगाकर उसकी सुहागिन होने की कामना की. हवेली खड़गपुर प्रतिनिधि के अनुसार प्रखंड के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के कुछ हिस्सों में चैती छठ का बुधवार को समापन हो गया. इस महापर्व में श्रद्धा, संयम और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला. चार दिनों के नियम निष्ठा का पर्व चैती छठ में बुधवार की सुबह आस्थावान धर्मानुरागियों ने उदयीमान भगवान भास्कर को अर्घ अर्पित किया और छठव्रतियों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया. वहीं सुहागिन महिलाओं ने व्रतियों ने सदा सुहागिन होने का आशीर्वाद मांगा. नगर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पंचबदन शिव मंदिर और प्रखंड के रमनकाबाद पश्चिम पंचायत के बड़की हथिया यादव टोला, ब्लॉक परिसर में धार्मिक भाव के साथ ग्रामीणों ने उगते हुए सूर्य को अर्घ दिया. वही प्रखंड के अन्य क्षेत्रों के नदी, तालाब और घाटों पर आस्थावान व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की मंगलकामना के लिए भगवान भास्कर की आराधना करते हुए छठ मैया की पूजा-अर्चना की. तारापुर प्रतिनिधि के अनुसार लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व चैती छठ बुधवार को भक्तिपूर्ण माहौल में उदीयमान सूर्य को अर्घ समर्पित करने के साथ संपन्न हो गया. तारापुर सहित आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं ने पूरी निष्ठा और विधि-विधान के साथ भगवान भास्कर की उपासना की. लखनपुर स्थित उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर भी छठ पूजा का विशेष आयोजन किया गया. उनकी बड़ी भाभी एवं छठव्रती अमृता चौधरी ने पवित्र जल से भरे टब में खड़े होकर पारंपरिक तरीके से भगवान भास्कर को अर्घ अर्पित किया. इस दौरान सूप में फल-फूल व पकवान सजाकर श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की गई. पूजा में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री शकुनी चौधरी, ई. रोहित चौधरी, धर्मेंद्र चौधरी, सौरव सिंह, विराट चौधरी एवं आमोद चौधरी सहित परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे. सभी ने दूध व गंगाजल से अर्घ देकर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की. असरगंज प्रतिनिधि के अनुसार उदीयमान सूर्य को अर्घ अर्पित करने के साथ चैती छठ महापर्व संपन्न हो गया. चार दिवसीय इस पावन पर्व के अंतिम दिन व्रतियों ने 36 घंटे का कठोर निर्जला उपवास तोड़कर प्रसाद ग्रहण किया और पारण किया. नगर क्षेत्र के जलालाबाद स्थित सूर्य मंदिर तालाब, असरगंज थाना परिसर तालाब, सौम्यनाथ मंदिर तथा मारवाड़ी टोला स्थित घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. जहां सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालु घाटों पर पहुंचने लगे और यह सिलसिला सुबह 7 बजे तक लगातार जारी रहा. जलालाबाद स्थित सूर्य मंदिर तालाब पर सबसे अधिक भीड़ देखी गई, जहां कई व्रती दंडवत करते हुए घाट पहुंची. पर्व को लेकर घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. संग्रामपुर प्रतिनिधि के अनुसार चार दिवसीय चैती छठ महापर्व का समापन बुधवार को उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ देने के साथ हो गया. प्रातःकाल व्रती महिलाएं एवं पुरुषों ने नदी घाटों, तालाबों और घरों के पास बनाए गए जलाशयों पर एकत्रित हुए और उगते सूर्य के दर्शन की प्रतीक्षा करने लगे. सुबह होते ही घाटों पर आस्था का अनुपम दृश्य देखने को मिला. छठी मईया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anand kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >