पहली सोमवारी के बाद बाबा पंचमुखीनाथ मंदिर में पसरी गंदगी, श्रद्धालुओं ने उठाए सफाई व्यवस्था पर सवाल

Temple Cleanliness : बाबा पंचमुखीनाथ महादेव मंदिर परिसर में फैली गंदगी ने श्रद्धालुओं को परेशान कर दिया है. पहली सोमवारी के बाद जमा हुए कचरे और अव्यवस्था पर भक्तों ने नाराजगी जताई है. दुकानदारों ने भी मंदिर समिति पर शुल्क लेने के बावजूद सफाई सुनिश्चित न करने का आरोप लगाया है.

Temple Cleanliness : नगर परिषद के वार्ड संख्या-25 स्थित बाबा पंचमुखीनाथ महादेव (पंचवदन स्थान) मंदिर परिसर में मंगलवार सुबह जगह-जगह प्लास्टिक के गिलास, पानी की बोतलें, दोने, पत्तल, खाद्य सामग्री के रैपर और अन्य कचरा बिखरा पड़ा मिला. पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को गंदगी के बीच से होकर मंदिर तक जाना पड़ा, जिससे लोगों में नाराजगी देखने को मिली.

खाने-पीने की दुकानों से बढ़ा कचरा

पहली सोमवारी के अवसर पर मंदिर के बाहर झलमूड़ी, समोसा, गोलगप्पा, गन्ने का जूस, छोले-कुलचे, जलेबी और अन्य खाद्य सामग्री की दर्जनों अस्थायी दुकानें लगी थीं. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के नाश्ता करने के बाद काफी मात्रा में प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट परिसर में फैल गया. लोगों का कहना है कि सोमवार शाम को ही सफाई करा दी जाती तो मंगलवार को यह स्थिति नहीं बनती.

श्रद्धालुओं ने नियमित सफाई की उठाई मांग

मंगलवार सुबह भी मंदिर परिसर में गंदगी बनी रहने पर श्रद्धालुओं ने नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल उठाए. उनका कहना है कि सावन माह में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं. ऐसे में नियमित सफाई और कचरा प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके.

बारिश के कारण हुई देरी : वार्ड पार्षद

वार्ड संख्या-25 के वार्ड पार्षद विक्की रॉय ने बताया कि मंगलवार सुबह हुई बारिश के कारण सफाईकर्मी समय पर नहीं पहुंच सके. उन्होंने कहा कि सफाई संवेदक और कर्मियों को तत्काल मंदिर परिसर की सफाई कराने का निर्देश दिया गया है और जल्द ही पूरे परिसर को स्वच्छ कर दिया जाएगा.

दुकानदारों ने भी उठाए सवाल

कुछ अस्थायी ठेला दुकानदारों ने नाम नहीं प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि मंदिर परिसर में दुकान लगाने के लिए उन्होंने मंदिर समिति को प्रति दुकान लगभग 400 रुपये का शुल्क दिया है. उनका कहना है कि जब शुल्क लिया गया है तो श्रद्धालुओं की सुविधा और परिसर की सफाई सुनिश्चित करना संबंधित प्रबंधन की जिम्मेदारी भी बनती है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सौरभ कुमार

सौरभ कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. हवेली खड़गपुर (मुंगेर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >