तारापुर : राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान तारापुर क्षेत्र से होकर गुजरने वाले कच्चे कांवरिया मार्ग पर शिवभक्तों का जत्था लगातार बाबाधाम की ओर बढ़ रहा है. इस बीच प्रशासन की ओर से कच्ची सड़क पर ट्रैक्टर चालित टैंकरों से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है, जिससे धूल और गर्म सड़क से परेशान कांवरियों को राहत मिल रही है.
धूल भी थमी, नंगे पांवों को भी राहत
गांव के बाद शुरू होने वाले दुर्गम कच्चे मार्ग पर चिलचिलाती धूप और उड़ती धूल कांवरियों की परेशानी बढ़ा रही थी. पानी के छिड़काव से सड़क नम हो रही है, जिससे धूल उड़ने की समस्या कम हुई है. साथ ही नंगे पांव चल रहे श्रद्धालुओं को भी कुछ राहत मिल रही है.
छिड़काव के बाद कांवरियों में नया उत्साह देखने को मिला. एक ओर सड़क पर पानी की फुहारें पड़ रही थीं तो दूसरी ओर "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयकारों से पूरा माहौल गूंज रहा था.
दोपहर की तपती राह में मिली राहत
कच्चा कांवरिया मार्ग विशेषकर दोपहर के समय श्रद्धालुओं के लिए कठिन साबित होता है. तेज धूप और गर्म सड़क पर लंबी दूरी तय करने वाले कांवरियों को पानी के छिड़काव से राहत मिल रही है.
आरा जिले से आए कांवरिया पवन ने बताया कि पहले तेज गर्मी और धूल के कारण चलने में काफी परेशानी हो रही थी, लेकिन पानी का छिड़काव होने के बाद सड़क ठंडी हुई और यात्रा में राहत मिली. उन्होंने इसे प्रशासन की सराहनीय पहल बताया.
