सावन में कांवरियों की भीड़ से स्टेट हाईवे 22 पर लगा महाजाम, तारापुर-देवघर मार्ग पर दिनभर रेंगते रहे वाहन

Traffic Jam : सावन के पवित्र महीने में देवघर जाने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण स्टेट हाईवे 22 पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई. तारापुर-देवघर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारों ने यात्रियों और स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी.

Traffic Jam : सावन के पावन महीने में देवघर जाने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण रविवार को स्टेट हाईवे 22 पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी. तारापुर-देवघर मुख्य मार्ग पर कांवरियों से भरे वाहनों और शिवभक्तों के जत्थों की लगातार आवाजाही से वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया. इसके चलते सड़क पर दिनभर वाहन रेंगते नजर आये और कई स्थानों पर कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गयी.

महाजाम से आम राहगीरों की बढ़ी परेशानी

सड़क पर वाहनों की लंबी कतार के कारण स्थानीय लोगों के साथ कांवरियों और अन्य राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. आसपास के मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सड़क पार करना तक मुश्किल हो गया. पैदल चलने वाले लोगों को भी जाम के बीच रास्ता बनाने में परेशानी हुई.

धूप और उमसभरी गर्मी के बीच घंटों वाहनों में फंसे श्रद्धालु और यात्री परेशान नजर आये. जाम के कारण कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से काफी अधिक समय लगा.

पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती नहीं होने से बिगड़ी स्थिति

तारापुर-देवघर मार्ग पर जगह-जगह पुलिस और सुरक्षाकर्मियों के शिविर बनाये गये हैं, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि यातायात को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती नहीं होने से स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है. भीड़ बढ़ने के साथ वाहनों को नियंत्रित करना मुश्किल हो रहा है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि श्रावणी मेला के दौरान इस मार्ग पर वाहनों का दबाव सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाता है. ऐसे में स्थायी और प्रभावी ट्रैफिक व्यवस्था के बिना जाम की समस्या से निजात पाना मुश्किल है.

दावों के बीच दिनभर ध्वस्त रही ट्रैफिक व्यवस्था

महाजाम के कारण तारापुर-देवघर मुख्य मार्ग पर चलने वाले सामान्य वाहनों के साथ कांवरिया वाहनों को भी भारी परेशानी हुई. पूरे दिन सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही. स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुंगेर जिला यातायात विभाग की ओर से कांवरिया मार्ग पर व्यवस्था दुरुस्त रखने के दावे किये जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्थिति इसके विपरीत नजर आयी.

श्रावणी मेला के दौरान कांवरियों की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्थानीय लोगों ने मार्ग पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती, वाहनों के बेहतर प्रबंधन और जाम वाले स्थानों पर विशेष निगरानी की मांग की है, ताकि आम लोगों और शिवभक्तों को आवागमन में परेशानी न हो. ​ ​


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय वर्मा

संजय वर्मा प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. तारापुर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >