Jamalpur Railway News: जमालपुर (मुंगेर). जमालपुर रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर रणबीर कुमार ने मंगलवार को एक महिला रेलयात्री का खोया हुआ हैंडबैग और पर्स सुरक्षित वापस कर ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया. महिला अपने परिजनों के साथ जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर ट्रेन से भागलपुर जाने के लिए स्टेशन पहुंची थी. पानी लेने के दौरान वह अपना हैंडबैग और पर्स वाटर कूलर के पास ही भूल गई और ट्रेन में जाकर बैठ गयी.
वाटर कूलर के पास भूल गयी थी हैंडबैग और पर्स
जानकारी के अनुसार मुंगेर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चुरंबा निवासी मो. इजहार की पत्नी सानिया परवीन अपने परिजनों के साथ 53408 डाउन जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर ट्रेन से भागलपुर जाने के लिए जमालपुर स्टेशन पहुंची थी. इसी दौरान स्टेशन मास्टर के चेंबर के पास स्थित वाटर कूलर से पानी लेने के बाद वह अपना हैंडबैग और पर्स वहीं छोड़ गई. इसके बाद सानिया परवीन अपने परिजनों के साथ ट्रेन में जाकर बैठ गयी और उसे सामान छूटने का तत्काल एहसास नहीं हुआ.
स्टेशन मास्टर ने देखा और महिला को बुलाया
स्टेशन मास्टर रणबीर कुमार की नजर महिला के छूटे हुए सामान पर पड़ी. उन्होंने तत्काल पोर्टर संजू देवी को भेजकर महिला को अपने चेंबर में बुलवाया. बातचीत के दौरान जब महिला से हैंडबैग और पर्स के बारे में जानकारी ली गई तो उसे अपना सामान स्टेशन पर छूटने की बात याद आई.
सुरक्षित वापस किया गया सामान
स्टेशन मास्टर ने पूरी जानकारी लेने के बाद महिला का हैंडबैग और पर्स उसे सुरक्षित वापस कर दिया. सामान मिलने के बाद महिला ने राहत की सांस ली और स्टेशन मास्टर की सतर्कता के लिए उनका आभार जताया.
जेवरात समेत अन्य सामान था मौजूद
सानिया परवीन ने बताया कि उसके हैंडबैग में सोने और चांदी के जेवरात रखे हुए थे. वह इन्हीं सामानों के साथ भागलपुर जा रही थी. समय रहते स्टेशन मास्टर की नजर पड़ने और सामान सुरक्षित रखे जाने से महिला को बड़ी आर्थिक क्षति से बचा लिया गया.
ईमानदारी की लोगों ने की सराहना
Jamalpur Railway News: महिला रेलयात्री का सामान सुरक्षित लौटाए जाने की घटना के बाद स्टेशन कर्मियों और यात्रियों के बीच स्टेशन मास्टर की सतर्कता और ईमानदारी की चर्चा रही. यात्रियों ने कहा कि रेलवे जैसे व्यस्त स्थान पर खोए सामान को सुरक्षित रखना और सही यात्री तक पहुंचाना सराहनीय कार्य है.
इसे भी पढ़ें: 2130 करोड़ से बदलेगी बिहार के इन 3 पर्यटन स्थलों की तस्वीर, जानिए सरकार का मेगा प्लान
