Munger News: मुंगेर जिले के तारापुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या-16 में जर्जर सड़क और जलजमाव स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है. सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश और नालियों का पानी जमा होने से आवाजाही मुश्किल हो गई है. स्थानीय लोगों ने जल्द सड़क निर्माण और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है.
गड्ढों में सड़क या सड़क में गड्ढे, पहचानना हुआ मुश्किल
वार्ड संख्या-16 के मुख्य मार्ग की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि लोगों के लिए यह समझना मुश्किल हो गया है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क. जगह-जगह बने बड़े गड्ढों में बारिश और नालियों का पानी जमा है. पूरे रास्ते पर कीचड़ और गंदा पानी फैला रहने से पैदल चलना भी चुनौती बन गया है.
स्कूली बच्चों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी
स्थानीय निवासी अशोक केशरी, लक्ष्मण पोद्दार, रितेश केसरी, शंभू केसरी और मृत्युंजय घोष का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था के अभाव में स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. इसी रास्ते से स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और आम लोग रोजाना गुजरते हैं. आसपास कई शिक्षण संस्थान होने के कारण छात्रों को भी कीचड़ और जलजमाव से होकर गुजरना पड़ रहा है.
दुर्घटनाओं और बीमारियों का बढ़ा खतरा
जलजमाव और गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालक अक्सर असंतुलित होकर गिर जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. वहीं गंदे पानी के लंबे समय तक जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार नगर पंचायत प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका.
नगर प्रबंधक बोले, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
नगर प्रबंधक रोहित कुमार ने बताया कि सड़क और नाला निर्माण से संबंधित टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तथा एग्रीमेंट का कार्य भी संपन्न हो गया है. उन्होंने कहा कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे वार्ड संख्या-16 के लोगों को जर्जर सड़क और जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी.
