जमालपुर. जमालपुर जीआरपी ने शनिवार को नशा खुरानी, साइबर फ्रॉड एवं अन्य अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रभात फेरी निकाली. पुलिस सप्ताह के अवसर पर प्रभात फेरी का आयोजन किया गया था. वहीं पुलिस सप्ताह पर पूरे सप्ताह रेल पुलिस द्वारा अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा. रेल जिला पुलिस मुख्यालय परिसर से निकलने वाली प्रभात फेरी को रेल पुलिस अधीक्षक रमन चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. उन्होंने कहा कि प्रभात फेरी निकलने का उद्देश्य शराब सेवन नहीं करने के लिए प्रेरित करना था. उन्होंने युवा वर्ग से शराब नहीं पीने की अपील की. उन्होंने रेल यात्रा के दौरान नशा खुरानी गिरोह से बचने के लिए भी लोगों से अपील की. साथ ही कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी अपरिचित से खाने-पीने का सामान नहीं ले, क्योंकि ऐसा करके अपरिचित उन्हें लूटने का प्रयास कर सकते हैं. साथ ही साइबर फ्रॉड से बचने के लिए भी उन्होंने सतर्क रहने की बात कही. उन्होंने कहा कि अपने मोबाइल फोन पर आए ओटीपी नंबर किसी को शेयर ना करें. प्रभात फेरी मुंगेर-जमालपुर रोड से होते हुए जुबली बेल चौक, स्टेशन रोड होकर रेल थाना जमालपुर परिसर में संपन्न हुयी. रेल पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 22 से 27 फरवरी तक पुलिस सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है. इस दौरान रेल पुलिस जमालपुर द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन किया जायेगा. 23 फरवरी को रेल थाना जमालपुर, 24 फरवरी को रेल थाना भागलपुर, 25 फरवरी को रेल थाना किऊल में नुक्कड़ नाटक का आयोजन होगा. जबकि रेल पुलिस केंद्र जमालपुर में 25 फरवरी को फैंसी क्रिकेट मैच का आयोजन किया जाएगा. वहीं 26 फरवरी को रेल जिला जमालपुर के सभी थाना और सभी कार्यालय में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा. 27 फरवरी को रेल पुलिस केंद्र जमालपुर में ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया जाएगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
