जमालपुर : अपनी 20 सूत्री मांगों के समर्थन में विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को नगर परिषद जमालपुर के मुख्य प्रवेश द्वार पर एक दिवसीय धरना दिया. धरने का नेतृत्व कांग्रेस नेता साईं शंकर और राजद नेता राजेश रमण ने संयुक्त रूप से किया. प्रदर्शन में भूमिहीन और भवनहीन महिलाएं भी शामिल हुईं. धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और नगर परिषद से जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की.
कूड़ा उठाव से पेयजल तक की मांग
धरना दे रहे नेताओं ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी घरों से प्रतिदिन कूड़ा उठाव सुनिश्चित किया जाए. करीब 25 हजार होल्डिंगधारकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और 11 वार्डों में छूटे पाइपलाइन कनेक्शन को पूरा करने की मांग भी उठायी गयी.
इसके अलावा फरीदपुर मौजा में शहरी बेघरों के लिए आवास योजना के तहत चिन्हित जमीन के खसरा नंबर का सत्यापन, सरकारी योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार की जांच और कार्रवाई तथा शहर की जर्जर सड़कों का एस्टीमेट के अनुसार निर्माण कराने की मांग की गयी.
2000 बंद स्ट्रीट लाइट ठीक कराने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने शहर में बंद पड़ी करीब 2000 स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक कराने की मांग की. मुख्य सड़कों से आवारा पशुओं को हटाने, शेल्टर होम बनाने और प्रमुख चौराहों पर नागरिक सुविधाएं बहाल करने की मांग भी उठायी गयी.
शहर को अतिक्रमण मुक्त करने तथा वेंडिंग और नॉन-वेंडिंग जोन घोषित करने की मांग भी मांग पत्र में शामिल रही. वहीं बिना स्वीकृत नक्शे के बन रहे पक्के मकानों का सर्वे कर नियम के अनुसार निर्माण सुनिश्चित करने की मांग की गयी.
सदर बाजार में मल्टी स्टोरेज मार्केट की मांग
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सदर बाजार सब्जी मंडी की खाली जमीन पर मल्टी स्टोरेज सुपर मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाने और सर्वे सीट के अनुसार अतिक्रमित सरकारी गलियों को मुक्त कराने की भी मांग की.
BPL परिवारों को शुल्क में छूट की मांग
मांग पत्र में नगर परिषद के रॉयल पैलेस के किराये में बीपीएल कार्डधारकों को 50 फीसदी और बेटी की शादी व श्राद्ध कार्यक्रम के लिए 75 फीसदी छूट देने की मांग रखी गयी है.
इसके साथ शव वाहन, पानी टैंकर और शौचालय सेफ्टी टैंक सफाई मशीन के शुल्क में भी बीपीएल परिवारों को 50 फीसदी छूट देने की मांग की गयी.
बिजली के तारों के जाल और प्रमाणपत्र की समस्या भी उठी
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पर्व-त्योहारों में विसर्जन के दौरान रात में शहर की बिजली बंद करनी पड़ती है. इसलिए मुख्य सड़कों पर फैले बिजली के तारों के जाल को हटाने के लिए बिजली विभाग को निर्देश दिया जाए. जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में लोगों को हो रही परेशानी दूर करने की मांग भी की गयी.
इसके अलावा शहर के सभी 36 वार्डों में नालों और सड़कों के किनारे नियमित कीटनाशक, फॉगिंग और ब्लीचिंग का छिड़काव कराने की मांग की गयी.
मांग पत्र पर वार्ड पार्षद साईं शंकर, राजद नेता बम बम यादव, सपा नेता रविकांत झा, भाकपा अंचल सचिव मुरारी प्रसाद और आईआईपी के युवा जिला अध्यक्ष मयंक राज उर्फ छोटू के हस्ताक्षर हैं.
