Munger Police Update : दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में मुंगेर में निकाले गए रूट मार्च के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की. ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बीच माहौल बिगाड़ने का आरोप
गुरुवार को विभिन्न छात्र संगठनों और राजनीतिक दलों की ओर से मुंगेर में शांतिपूर्ण रूट मार्च और धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया था. यह प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में किया गया था. पुलिस के अनुसार प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था, लेकिन कुछ लोगों ने छात्रों के बीच शामिल होकर माहौल को तनावपूर्ण बनाने का प्रयास किया.
ड्रोन और वीडियो फुटेज से हुई पहचान
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि रूट मार्च में शामिल कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान ड्रोन कैमरे, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के माध्यम से की गई है. उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने या किसी प्रकार की अराजकता फैलाने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी.
एसपी ने जनता से मांगा सहयोग
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने आम नागरिकों और छात्र-छात्राओं से अपील की है कि यदि वे रूट मार्च में शामिल ऐसे संदिग्ध लोगों की पहचान कर सकते हैं तो पुलिस को जानकारी दें. इसके लिए जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 9031828096 और 9031828099 जारी किए गए हैं. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
25 से अधिक संदिग्धों की तस्वीरें जारी
पुलिस के अनुसार रैली के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किया था. इसी क्रम में 25 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों की तस्वीरें और उनकी गतिविधियों से संबंधित विवरण जारी किया गया है. इनकी पहचान और सत्यापन के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील की
पुलिस ने छात्रों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न देने और असामाजिक तत्वों के बहकावे में नहीं आने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि जिले में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जाएंगे.
ये भी पढ़ें : नीट पेपर लीक के विरोध में मुंगेर समाहरणालय के पास छात्रों का धरना, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग
