मुंगेर : मुंगेर शहर में विकास योजनाओं के बीच विभागों के आपसी समन्वय की कमी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है. सड़क निर्माण के बाद अब पीएनजी गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए जगह-जगह सड़कों की खुदाई की जा रही है. पाइपलाइन बिछाने के बाद खोदे गये हिस्से को निर्धारित मानक के अनुसार रिस्टोर नहीं किये जाने से सड़क की स्थिति और खराब होने की आशंका है.
महद्दीपुर में पाइपलाइन के लिए काटी गयी सड़क
शहर के वार्ड संख्या 42 स्थित महद्दीपुर इलाके में पीएनजी गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए कई स्थानों पर सड़क तोड़ी गयी है. पाइपलाइन का काम पूरा होने के बाद खुदाई वाले हिस्से को मिट्टी से ढककर छोड़ दिया गया है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश होने पर इन स्थानों पर सड़क धंसने और कीचड़ की समस्या उत्पन्न हो सकती है. वहीं, वाहनों की आवाजाही से मिट्टी हटने के बाद गड्ढे और गहरे होने का खतरा भी बना हुआ है.
लाखों खर्च से बनी सड़क फिर हुई क्षतिग्रस्त
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में पहले सरकारी राशि खर्च की जाती है. इसके बाद दूसरी योजना के लिए उसी सड़क की खुदाई कर दी जाती है. उनका कहना है कि सड़क काटने के बाद यदि उसे पूर्व की स्थिति में रिस्टोर नहीं किया गया तो सरकारी राशि से बनी सड़क की गुणवत्ता और उपयोगिता दोनों प्रभावित होती हैं.
लोगों ने आरोप लगाया कि संबंधित एजेंसी ने पाइपलाइन का काम पूरा करने के बाद सड़क के खोदे गये हिस्से में महज मिट्टी डालकर छोड़ दिया है. इससे आने वाले दिनों में लोगों को आवागमन में परेशानी हो सकती है.
निगम की मॉनिटरिंग पर भी उठ रहे सवाल
शहर में सड़कों की खुदाई और उसके बाद रिस्टोरेशन के काम की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. नगर निगम प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सड़क काटने वाली एजेंसी काम पूरा होने के बाद उसे निर्धारित मानक के अनुसार पूर्ववत करे.
महद्दीपुर में खुदाई के बाद अब तक समुचित रिस्टोरेशन नहीं होने से निगम की मॉनिटरिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. स्थानीय लोगों ने सड़क की जल्द मरम्मत कराकर आवागमन को सुचारू करने की मांग की है.
