प्रभारी मंत्री, सांसद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया उदघाटन चौथम. प्रखंड अंतर्गत तेलौछ पंचायत एवं मध्य बौरने पंचायत में मंगलवार को जन सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन बिहार सरकार के प्रभारी मंत्री मदन सहनी, सांसद राजेश वर्मा, विधायक पन्नालाल सिंह पटेल तथा सदर विधायक बबलू मंडल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के साथ हुई. शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर लोगों से आवेदन प्राप्त किए गए. जाति, आय, आवास, वृद्धा पेंशन सहित कई सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया गया. साथ ही लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र एवं अन्य लाभ संबंधी दस्तावेज मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों के हाथों वितरीत किए गए. सभा को संबोधित करते हुए मंत्री मदन सहनी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य जन सहयोग शिविर के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का 30 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी पदाधिकारी या कर्मचारी द्वारा समस्या के समाधान में लापरवाही, टालमटोल या आनाकानी की जाती है तो संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि सरकार गांव-गांव पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रही है ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे. शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं तथा संबंधित विभागों से समाधान प्राप्त किया. मध्य बौरने पंचायत में मुखिया शशि भूषण कुमार की अध्यक्षता में शिविर का आयोजन किया गया. इस दौरान विधायक पन्नालाल सिंह पटेल, बीडीओ रंजीत कुमार सिंह, बीपीआरओ प्रमथ मयंक, सरपंच ललेंद्र कुमार, उप मुखिया मुकेश कुमार सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे.
तेलौछ व मध्य बौरने पंचायत में सहयोग शिविर का हुआ आयोजन
राज्य सरकार का उद्देश्य जन सहयोग शिविर के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का 30 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित करना है.
