Munger: मुंगेर के सफियासराय थाना में तैनात दारोगा चंदन कुमार की पत्नी मधु कुमारी की गोली लगने से हुई मौत मामले में नया मोड़ आ गया है. शुरुआत में इस घटना को आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन अब मायके पक्ष ने इसे हत्या बताया है. मधु की मौत 11 अप्रैल की शाम पति के सर्विस रिवाल्वर से गोली लगने के बाद हुई थी.
चंदन पर क्या आरोप
घटना के बाद जमालपुर पहुंचे मधु के पिता रंजीत कुमार ने दामाद चंदन कुमार पर हत्या का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जाता था. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि चंदन कुमार का एक महिला दारोगा से संबंध था. इस वजह से घर में लगातार झगड़ा होता था. पिता का दावा है कि इसी विवाद के कारण उनकी बेटी की साजिश के तहत हत्या की गई.
जांच शुरू
पुलिस ने शिकायत मिलते ही चंदन कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में जेल भेज दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पोस्टमार्टम के लिए तीन डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड बनाया है. डॉक्टरों के अनुसार गोली मधु के सीने के बीच लगी और पीठ से बाहर निकली, जिससे घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. एफएसएल टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं और सर्विस रिवाल्वर जब्त कर जांच शुरू कर दी है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
मधु के परिवार वालों ने क्या बताया
मधु के परिवार ने बताया कि फरवरी 2025 में उसकी शादी हुई थी. शुरुआती दिनों में सब ठीक था, लेकिन बाद में पति-पत्नी के रिश्ते में तनाव बढ़ गया. पुलिस अब आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है. एसपी सैयद इमरान मसूद ने कहा कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई साफ हो पाएगी.
इसे भी पढ़ें: नीतीश कुमार के खून-पसीने से बनी है जेडीयू, संजय झा बोले- आगे भी पार्टी को करेंगे मजबूत
