आज से दोनों सत्रों में नामांकन का दोबारा मौका मुंगेर. मुंगेर विश्वविद्यालय अपने सत्र 2023-27 स्नातक सेमेस्टर-5 तथा सत्र 2024-28 स्नातक सेमेस्टर-3 में नामांकन के लिये सोमवार से दोबारा पोर्टल खोल रहा है. इस दौरान वैसे विद्यार्थी, जो पूर्व में किसी कारणवश नामांकन नहीं ले पाये थे. वैसे विद्यार्थी नामांकन ले सकते हैं. इसके लिये विश्वविद्यालय ने सूचना जारी कर दी है. इधर, पूर्व की प्रक्रिया के तहत जहां अबतक स्नातक सेमेस्टर-3 में कुल 29,512 विद्यार्थी नामांकन ले चुके हैं. वहीं स्नातक सेमेस्टर-5 में अबतक कुल 21,296 विद्यार्थी नामांकन ले चुके हैं. बता दें कि विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक सेमेस्टर-3 और सेमेस्टर-5 में 13, 15 व 16 अप्रैल का समय दिया गया है. उक्त तीन दिन नामांकन से वंचित विद्यार्थी अपने संबंधित कॉलेज में दस्तावेज सत्यापित कराते हुए नामांकन ले सकते हैं. इसमें जहां स्नातक सेमेस्टर-3 में नामांकन के लिये सेमेस्टर-1 व 2 को मिलाकर विद्यार्थियों के लिये 28 क्रेडिट होना अनिवार्य है. वहीं सेमेस्टर-5 में नामांकन के लिये सेमेस्टर-1 व 2 उत्तीर्ण होने के साथ सभी सेमेस्टर को मिलाकर कुल 68 क्रेडिट होना अनिवार्य है. विदित हो कि 14 अप्रैल को डॉ भीमराव आंबेडकर जयंती को लेकर विश्वविद्यालय व कॉलेजों में अवकाश रहेगा. इस कारण विद्यार्थियों को 13, 15 और 16 अप्रैल को नामांकन के लिये समय दिया गया है. वहीं नामांकन के बाद सभी वर्ग की छात्राएं एवं एससी-एसटी छात्र-छात्राओं को शून्य पेमेंट को वेरिफाई करना अनिवार्य होगा, अन्यथा उनका नामांकन रद्द माना जायेगा. इधर, पूर्व में विश्वविद्यालय द्वारा संचालित नामांकन प्रक्रिया में स्नातक सेमेस्टर-3 के कला संकाय में 25,412, विज्ञान संकाय में 3,512 तथा वाणिज्य संकाय में 288 विद्यार्थी नामांकन ले चुके हैं, जबकि स्नातक सेमेस्टर-5 के कला संकाय में अबतक 19,082, विज्ञान संकाय में 1,972 तथा वाणिज्य संकाय में 242 विद्यार्थी नामांकन ले चुके हैं.
स्नातक सेमेस्टर-3 में 29,512, सेमेस्टर-5 में अबतक 21,296 नामांकन
मुंगेर विश्वविद्यालय अपने सत्र 2023-27 स्नातक सेमेस्टर-5 तथा सत्र 2024-28 स्नातक सेमेस्टर-3 में नामांकन के लिये सोमवार से दोबारा पोर्टल खोल रहा है.
