Protest: मुंगेर में नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए. आरडी एंड डीजे कॉलेज के समीप एकत्र हुए छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध मार्च निकाला और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, पेपर लीक की निष्पक्ष जांच तथा छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की.
शहर के प्रमुख मार्गों से निकला विरोध मार्च
विरोध मार्च आरडी एंड डीजे कॉलेज से शुरू होकर अंबे चौक, गोला रोड, कस्तूरबा वाटर वर्क्स चौक, भगत सिंह चौक, एक नंबर ट्रैफिक होते हुए किला के मुख्य द्वार से शहीद स्मारक पहुंचा, जहां सभा के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ. मार्च में शामिल छात्र हाथों में तिरंगा तथा महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद की तस्वीरें लिए हुए थे. पूरे मार्ग में छात्र शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग को लेकर नारेबाजी करते रहे.
प्रशासन रहा पूरी तरह सतर्क
प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा. आरडी एंड डीजे कॉलेज से लेकर पूरे जुलूस मार्ग तक भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. पुलिस पदाधिकारी और जवान पूरे मार्च के दौरान मौजूद रहे ताकि किसी प्रकार की विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो. प्रमुख चौक-चौराहों पर भी अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी.
छात्रों ने रखीं प्रमुख मांगें
प्रदर्शनकारियों ने नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने तथा छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. छात्रों का कहना था कि देश के लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा.
आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी
Protest: छात्र नेताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा. उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए. पूरे प्रदर्शन के दौरान स्थिति शांतिपूर्ण रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली.
