मुंगेर के हवेली खड़गपुर में हाइवा ने बाइक सवार किशोर को कुचला, हालत गंभीर

Munger Road Accident News: मुंगेर के हवेली खड़गपुर-बरियारपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार किशोर को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चालक हाइवा लेकर मौके से फरार हो गया.

हवेली खड़गपुर से रतन झा की रिपोर्ट.

Munger Road Accident News: मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर-बरियारपुर मुख्य मार्ग स्थित शिवपुर लौगांय गांव के पास शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार हाइवा और बाइक की सीधी टक्कर में शामपुर थाना क्षेत्र के बागेश्वरी गांव निवासी नरेश मंडल का 15 वर्षीय पुत्र ऋषभ कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों की मदद से घायल किशोर को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत देखते हुए मुंगेर सदर अस्पताल रेफर कर दिया.

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऋषभ कुमार बाइक से बरियारपुर की ओर से हवेली खड़गपुर आ रहा था. इसी दौरान शिवपुर लौगांय गांव के समीप खड़गपुर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे हाइवा ने बाइक में सीधी टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क किनारे जा गिरा और उसका दाहिना पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया.

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. ग्रामीणों ने घायल युवक को संभालते हुए तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया.

चालक हाइवा लेकर मौके से फरार

हादसे के बाद लोगों ने हाइवा चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. ग्रामीणों ने कुछ दूरी तक पीछा भी किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल बना हुआ है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार हादसों की वजह बन रही है. कई बार प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि फरार हाइवा और उसके चालक की पहचान की जा सके. वहीं घायल किशोर की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है.

Also Read: सरकारी जमीन पर गड़बड़ी करने वालों की अब खैर नहीं, बिहार सरकार लाने जा रही नया कानून, मंत्री ने क्या-क्या बताया?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >