मुंगेर में बारिश-आंधी में भी नहीं कटेगी मुंगेर की बिजली, पांच मिनट में बहाल होगी सप्लाई

Munger Power Supply News: मुंगेर शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को अब बारिश और आंधी के दौरान घंटों बिजली कटौती से राहत मिलने वाली है. सफियाबाद ग्रीड से जुड़े चार बड़े पावर सब स्टेशनों को वैकल्पिक 33 केबी लाइन से जोड़ने का काम तेजी से चल रहा है.

मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट.

Munger Power Supply News:बरसात और तेज आंधी के मौसम में लंबे समय तक बिजली गुल रहने की समस्या से परेशान मुंगेरवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल मुंगेर ने सफियाबाद ग्रीड से जुड़े चार प्रमुख पावर सब स्टेशनों को वैकल्पिक 33 केबी लाइन से जोड़ने की तैयारी तेज कर दी है. इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद तकनीकी फाल्ट या हाईटेंशन तार पर पेड़ गिरने जैसी स्थिति में भी महज पांच मिनट के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकेगी.

42 लाख की लागत से तैयार हो रही नई लाइन

विद्युत विभाग करीब 42 लाख रुपये की लागत से नई वैकल्पिक लाइन तैयार कर रहा है. इसके तहत सफियासराय से लालदरवाजा पावर सब स्टेशन तक नई 33 केबी लाइन बिछाई जा रही है. इसके बाद इस लाइन को अन्य तीन पावर सब स्टेशनों से भी जोड़ा जाएगा. विभाग का लक्ष्य मानसून शुरू होने से पहले इस परियोजना को पूरा करना है.

चार पावर सब स्टेशनों को मिलेगा बैकअप

सफियाबाद ग्रीड से वर्तमान में लालदरवाजा, कर्णचौड़ा, शंकरपुर, नंदलालपुर और बिंदवारा पावर सब स्टेशन जुड़े हुए हैं. इनमें से चार फीडरों को नई बैकअप लाइन से जोड़ा जा रहा है. अभी तक इन इलाकों में केवल एक ही 33 केबी लाइन से बिजली आपूर्ति होती थी. ऐसे में फाल्ट आते ही पूरे इलाके की बिजली घंटों बाधित हो जाती थी.

एनएच किनारे से गुजरेगी नई बिजली लाइन

अभी मौजूदा लाइन गंगा किनारे, खेत और टाल क्षेत्र से होकर गुजरती है. बारिश और आंधी के दौरान वहां फाल्ट ढूंढने में काफी समय लग जाता है. नई वैकल्पिक लाइन राष्ट्रीय उच्च पथ यानी एनएच किनारे से गुजरेगी, जिससे किसी भी खराबी का पता लगाना और मरम्मत करना आसान होगा.

हेवी वायर से कम होगी तकनीकी खराबी

नई लाइन में हेवी एसीएसआर उल्फ कंडक्टर वायर का इस्तेमाल किया जा रहा है. विभाग का दावा है कि इससे तकनीकी फाल्ट की संभावना काफी कम हो जाएगी और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिल सकेगी.

पांच मिनट में शुरू हो जाएगी बिजली

नई व्यवस्था के तहत नंदलालपुर और लालदरवाजा फीडर में मेन स्विच लगाए जाएंगे. फाल्ट होने पर सिर्फ चेंज ओवर कर पांच मिनट के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी. सहायक अभियंता संतोष कुमार ने बताया कि विभाग तेजी से काम पूरा करने में जुटा है ताकि मानसून के दौरान लोगों को बिजली संकट का सामना न करना पड़े.

Also Read: विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर बेगूसराय से टोक्यो तक गूंजा ‘पीरियड जागरूकता अभियान’

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >