Munger Land Dispute: मुंगेर शहर के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंडिका स्थान गांव निवासी 37 वर्षीय सुलोचना देवी ने जमीन विवाद को लेकर गांव के चार लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता ने डीएम और एसपी को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच, प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
मारपीट और धमकी देने का लगाया आरोप
आवेदन के अनुसार 17 जुलाई 2026 की दोपहर गांव के ही मोहाली निवासी प्रेम यादव, प्रमोद यादव, पिंटू यादव और पंकज यादव उनके घर पहुंचे. पीड़िता का आरोप है कि चारों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की. विरोध करने पर दुर्व्यवहार किया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई.
जमीन विवाद को बताया घटना की वजह
सुलोचना देवी का कहना है कि पूरा विवाद जमीन से जुड़ा है. आरोपित लगातार उन पर दबाव बना रहे हैं और विवादित जमीन को लेकर उन्हें परेशान कर रहे हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान उनके घर को भी क्षति पहुंचाई गई.
पहले से न्यायालय में विचाराधीन है मामला
पीड़िता ने आवेदन में उल्लेख किया है कि आरोपितों के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट का मामला दर्ज कराया गया था, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है. उनका आरोप है कि उसी मुकदमे को वापस लेने के लिए लगातार धमकी और दबाव बनाया जा रहा है. घटना के दौरान उनके परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट और अभद्र व्यवहार किए जाने की बात कही गई है.
थाना में प्राथमिकी दर्ज नहीं होने का आरोप
Munger Land Dispute: सुलोचना देवी का कहना है कि घटना के बाद वह शिकायत लेकर वासुदेवपुर थाना पहुंचीं, लेकिन उनकी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई. इसके बाद उन्होंने समाहरणालय पहुंचकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपा तथा मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की.
