मुंगेर : मॉडल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में गुरुवार को एक पारामेडिकल कर्मी पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए मरीज के परिजनों ने जमकर हंगामा किया. आक्रोशित परिजनों ने इमरजेंसी वार्ड में रखी दो प्लास्टिक की कुर्सियां भी तोड़ दीं. इस दौरान सुरक्षाकर्मी मूकदर्शक बने रहे.
दवा की जानकारी मांगने पर विवाद का आरोप
मंगलवार को लालदरवाजा निवासी चंदन पासवान की 25 वर्षीय पत्नी मीनाक्षी देवी खाना बनाने के दौरान जल गई थीं. परिजन उन्हें इलाज के लिए इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचे थे. प्राथमिक उपचार के बाद परिजन वहां कार्यरत पारामेडिकल कर्मी छोटू कुमार से दवा के संबंध में जानकारी लेने लगे.
परिजनों का आरोप है कि दवा के बारे में पूछने पर पारामेडिकल कर्मी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और वार्ड से बाहर जाने को कहा. इसके बाद परिजन आक्रोशित हो गए और इमरजेंसी वार्ड में हंगामा शुरू कर दिया.
दो कुर्सियां तोड़ीं, डॉक्टर ने कराया मामला शांत
हंगामे के दौरान आक्रोशित परिजनों ने वार्ड में रखी दो प्लास्टिक की कुर्सियां तोड़ दीं. बाद में वार्ड पहुंचे डॉ. के. रंजन ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया.
100 सुरक्षाकर्मी तैनात, फिर भी हंगामे पर नहीं हुई कार्रवाई
सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था के लिए हाल ही में एक सुरक्षा एजेंसी के माध्यम से करीब 100 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है. इसके बावजूद इमरजेंसी वार्ड में हुए हंगामे के दौरान सुरक्षाकर्मी पूरी तरह मूकदर्शक बने रहे.
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब 11 अगस्त को इमरजेंसी वार्ड में एक मरीज की मौत के बाद हुए हंगामे की जांच के लिए जिलाधिकारी द्वारा गठित टीम मामले की जांच कर रही है.
अस्पताल उपाधीक्षक बोले, ली जा रही जानकारी
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. रमन कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी ली जा रही है. पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
