Munger Court News: मुंगेर. व्यवहार न्यायालय मुंगेर में सोमवार को एएसआई संतोष कुमार सिंह हत्याकांड में दोषी ठहराए गए आठ अभियुक्तों ने जेल ले जाते समय कैदी वाहन में जमकर हंगामा किया. अभियुक्तों ने सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और कैदी वाहन का शीशा तोड़कर भागने का प्रयास किया. अचानक हुए हंगामे से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई. घटना में हाजत प्रभारी एसआई समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि दो अभियुक्तों के भी घायल होने की जानकारी है.
दोषी करार दिए जाने के बाद भड़का आक्रोश
मार्च 2025 में होली के दिन मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नंदलालपुर गांव में एएसआई संतोष कुमार सिंह की हत्या कर दी गई थी. इसी मामले की सुनवाई सोमवार को जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ कुमारी मनीषा की अदालत में हुई. अदालत ने मामले के सभी नामजद अभियुक्तों को हत्याकांड में दोषी करार दिया.दोषी ठहराए गए अभियुक्तों में रणवीर कुमार, रंजीत कुमार, राजू कुमार, गुड्डू कुमार, विकास कुमार, रेखा देवी, सरिता देवी और मौसम कुमारी शामिल हैं.
कैदी वाहन में पुलिसकर्मियों पर किया हमला
अदालत की कार्यवाही के बाद सभी अभियुक्तों को पुलिस सुरक्षा में मंडल कारा ले जाया जा रहा था. कोर्ट परिसर से कैदी वाहन के बाहर निकलने से पहले ही वाहन के अंदर शोर-शराबा शुरू हो गया. बताया गया कि अभियुक्तों ने वाहन में तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया. इसी दौरान कैदी वाहन का शीशा तोड़ दिया गया और कुछ अभियुक्तों ने भागने का प्रयास किया. हालांकि पुलिसकर्मियों की तत्परता से कोई भी अभियुक्त भागने में सफल नहीं हो सका.
तीन पुलिसकर्मी घायल, दो अभियुक्त भी जख्मी
हमले में हाजत प्रभारी एसआई विनोद कुमार और सेशन कोर्ट के हवलदार विदेश्वरी मांझी घायल हो गए. वहीं कैदियों द्वारा गला दबाए जाने के कारण सिपाही निर्जला कुमारी कैदी वाहन में ही बेहोश हो गईं. घटना के दौरान अभियुक्त राजू कुमार और गुड्डू कुमार के भी घायल होने की सूचना है. दोनों को इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं घायल पुलिसकर्मियों को भी उपचार के लिए भेजा गया.
एसपी के पहुंचते ही कोर्ट परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद पुलिस बल के साथ कोर्ट परिसर पहुंचे. इसके बाद पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए सभी अभियुक्तों को सुरक्षित मंडल कारा भेज दिया.
घटना की जांच में जुटी पुलिस
Munger Court News: पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि अदालत द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद सभी अभियुक्त आक्रोशित हो गए और जेल ले जाते समय सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला किया. उन्होंने कहा कि घटना में पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद कानूनसम्मत कार्रवाई की जायेगी.
