मुंगेर : नया रामनगर थाना पुलिस ने शनिवार तड़के शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 98 लीटर देसी महुआ शराब जब्त की है. पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल एक चार पहिया वाहन भी बरामद किया है. पुलिस को देखते ही भागने के दौरान तस्करों की कार पाटम रेलवे अंडरपास के समीप सड़क किनारे लगे पोल से टकरा गयी. इसके बाद वाहन में सवार तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गये.
पुलिस की गाड़ी देख बढ़ा दी कार की रफ्तार
नया रामनगर थानाध्यक्ष रवींद्र वर्मा ने बताया कि शनिवार तड़के पुलिस टीम क्षेत्र में गश्ती और छापेमारी कर रही थी. इसी दौरान सुबह करीब चार बजे पुलिस की गाड़ी पाटम रेलवे अंडरपास के टर्निंग के पास पहुंची.
इसी दौरान सामने से हुंडई चार पहिया वाहन (बीआर 10 एडी 1363) आती दिखी. पुलिस की गाड़ी की लाइट देखते ही चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया.
अनियंत्रित कार पोल से टकरायी, तस्कर फरार
तेज रफ्तार में भागने के दौरान टर्निंग के पास चालक ने कार पर नियंत्रण खो दिया. इसके बाद वाहन सड़क किनारे लगे पोल से टकरा गया. दुर्घटना के बाद कार में सवार तस्कर वाहन छोड़कर आसपास के इलाके में अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गये.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन की तलाशी ली, जिसमें 98 लीटर देसी महुआ शराब बरामद हुई. पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया है. फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छानबीन कर रही है.
