किराया नहीं मिलने पर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में लगा ताला, ग्रामीणों को नहीं मिली स्वास्थ्य सेवा

बरियारपुर में किराया भुगतान नहीं होने से अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ताला लगा दिया गया. केंद्र के निजी मकान में संचालित होने के कारण ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रह गए.

बरियारपुर (मुंगेर). बहादुरपुर गांव स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में मंगलवार को मकान मालिक ने किराया भुगतान नहीं होने के कारण ताला लगा दिया. केंद्र का संचालन निजी मकान में किया जा रहा है. ताला लगने के कारण मंगलवार को यहां इलाज और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए पहुंचे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

वर्षों से किराया भुगतान नहीं होने का लगाया आरोप

मकान मालिक कुलो मंडल ने बताया कि वर्ष 2011 से उनके मकान में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर संचालित हो रहा है, लेकिन किराए की राशि का भुगतान नहीं किया गया है. उन्होंने बताया कि केंद्र में बिजली की खपत का भुगतान भी उन्हें ही करना पड़ता है.कुलो मंडल के अनुसार उन्होंने किराया भुगतान को लेकर स्वास्थ्य विभाग को कई बार लिखित सूचना दी, लेकिन अब तक राशि का भुगतान नहीं हो सका. उनका कहना है कि इसी कारण मजबूर होकर उन्होंने मंगलवार को केंद्र में ताला लगा दिया.

पहले पत्नी के खाते में हुआ था किराया भुगतान

कुलो मंडल ने बताया कि पूर्व में 29,700 रुपये किराए की राशि उनकी पत्नी पूनम कुमारी के बैंक खाते में भुगतान की गई थी. उनका आरोप है कि वर्तमान में किराया भुगतान को लेकर उन्हें अलग-अलग कारण बताकर विभागीय कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ रहा है.

मालिकाना हक बदलने के बाद भुगतान में आई समस्या

बरियारपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के संचालन से पहले वर्ष 2009 में संबंधित कमरे का हिस्सा कृष्णदेव मंडल के पास था. इसी आधार पर वर्ष 2011 तक किराए की राशि कृष्णदेव मंडल को भुगतान की गयी.उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 के बाद कमरे का मालिकाना हक बदलने के कारण अब किराए की राशि कुलो मंडल को भुगतान किया जाना है. इसके लिए कुलो मंडल से बंटवारा संबंधी दस्तावेज, बैंक खाता संख्या और अन्य आवश्यक कागजात मांगे गये हैं.

वैकल्पिक व्यवस्था से जारी रहेगी स्वास्थ्य सेवा

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि लोगों को स्वास्थ्य सुविधा से वंचित न होना पड़े, इसके लिए बहादुरपुर गांव में ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था की गई है. विभाग की ओर से स्थानीय स्तर पर जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है.

इसे भी पढ़ें: 2130 करोड़ से बदलेगी बिहार के इन 3 पर्यटन स्थलों की तस्वीर, जानिए सरकार का मेगा प्लान

25 अगस्त से बिहार के इन तीन जिलों में बंद होंगी डीजल सिटी बसें, पटना-मुजफ्फरपुर-गयाजी में दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजीव कुमार

संजीव कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बरियारपुर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >