बच्चों के विवाद में मजदूर की पीट-पीट कर हत्या, परिजनों में मचा कोहराम

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आदर्श ग्राम टीकारामपुर में शुक्रवार की सुबह बच्चों के विवाद में पड़ोसी ने 45 वर्षीय मुरारी कुमार की पीट-पीट कर हत्या कर दी.

मुंगेर. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आदर्श ग्राम टीकारामपुर में शुक्रवार की सुबह बच्चों के विवाद में पड़ोसी ने 45 वर्षीय मुरारी कुमार की पीट-पीट कर हत्या कर दी. मुरारी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था. उसकी मौत के बाद घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाला है.

बताया जाता है कि आदर्श ग्राम टीकारामपुर निवासी मुरारी सिंह अपने भाई के रणवीर कुमार के साथ मजदूरी खोजने के लिए शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे बाजार के लिए निकला. इसी दौरान बबलू महतो अपने सहयोगियों के साथ घेर लिया और लाठी-डंडे से मुरारी पर हमला कर दिया. वह जमीन पर गिर पड़ा. बावजूद उस पर लाठी-डंडे बरसते रहे. हो-हल्ला होने पर जब मुरारी का परिवार पहुंचा तो बबलू और अन्य सभी अपने घर के अंदर चले गये. गंभीर स्थिति में परिजनों ने उसे इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल लाया. जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिकी उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. परिजन जब उसे इलाज के लिए मायागंज भागलपुर अस्पताल ले जा रहे थे, तो रास्ते में ही बरियारपुर के समीप उसकी मौत हो गयी.

बच्चों के विवाद में घटना को दिया अंजाम

मृतक के भाई रणवीर कुमार ने बताया कि गुरुवार शाम उसके घर के बच्चों से पड़ोसी के घर के बच्चों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. उनलोगों ने पथराव भी किया था. जिसमें मेरे घर के बच्चे घायल भी हो गये थे, लेकिन हमलोग समझ नहीं पाये कि पड़ोसी बबलू और उसका परिवार इस तरह की घटना को अंजाम देगा. जब शुक्रवार की सुबह हम दोनों भाई मजदूरी करने जा रहे थे, तब बबलू महतो, धर्मराज महतो अपने पूरे परिवार और रिश्तेदार व मित्रों के साथ अपने घर के सामने घेर कर हमला कर दिया. हम किसी तरह भाग गये, लेकिन मेरे भाई को उन लोगों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी.

मजदूरी कर पत्नी व सात बच्चों का करता था भरण पोषण

बताया जाता है कि मृतक अपने पीछे पत्नी, पांच पुत्री व दो पुत्र को छोड़ गया है. बच्चे सभी छोटे-छोटे हैं. मृतक मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का भरण पोषण कर रहा था. उसकी मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पत्नी सुधा देवी दहाड़ मार कर रोये जा रही, बच्चों का भी रो-रो कर बुरा हाल था.

कहते हैं प्रभारी थानाध्यक्ष

मुफस्सिल थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया. परिजन द्वारा लिखित शिकायत मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस कार्रवाई शुरू कर देगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Birendra kumar sing

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >