खड़गपुर में हादसों की 'काली रात': दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत, दो घायल

खड़गपुर-जमुई एवं खड़गपुर-बरियारपुर मुख्य मार्ग पर गुरुवार की देर रात रफ्तार का ऐसा कहर टूटा कि दो परिवारों की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं. विपरीत दिशा से आ रहे वाहनों से बचने के चक्कर में दोनों स्थानों पर बाइक सवार सड़क किनारे खड़े ट्रकों से जा टकराए, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं.

हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दो मुख्य मार्गों पर देर रात हुए भीषण हादसों ने इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया. सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम और स्थानीय गंगटा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ एक को मृत घोषित कर दिया गया और दो का इलाज जारी है.

पहला हादसा: बकरी खरीदने जा रहे युवक की मौके पर ही गई जान

खड़गपुर-जमुई मुख्य मार्ग पर रायपुरा बाजार के समीप पहला दर्दनाक हादसा हुआ. प्रखंड क्षेत्र के मुजफ्फरगंज मुढ़ेरी गांव निवासी जोधा तांती का 30 वर्षीय पुत्र गोपाल कुमार तांती अपने चाचा कुंदन तांती के साथ बाइक पर सवार होकर मंगनीयातरी गांव बकरी खरीदने जा रहा था.

इसी दौरान सामने से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से बचने के प्रयास में गोपाल की बाइक असंतुलित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक भारी ट्रक से सीधे जा भिड़ी. टक्कर इतनी भीषण थी कि गोपाल कुमार तांती का सिर पूरी तरह चकनाचूर हो गया और घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर उसकी मौत हो गई. चमत्कारिक रूप से बाइक पर पीछे बैठे उसके चाचा कुंदन तांती को खरोंच तक नहीं आई.

परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था गोपाल

मजदूरी कर परिवार का पेट पालने वाले गोपाल की असमय मौत से उसके पीछे पत्नी, तीन छोटे पुत्र और एक पुत्री अनाथ हो गए हैं. अस्पताल पहुंचे माता-पिता और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मुढ़ेरी गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है.

दूसरा हादसा: स्कॉर्पियो से बचने के चक्कर में ट्रक में घुसी बाइक, दो लहूलुहान

इसी रात दूसरी भयावह दुर्घटना खड़गपुर-बरियारपुर मुख्य मार्ग पर मिल्की बनाहरा गांव के समीप घटित हुई. जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर (जमुई) की ओर से एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आ रहे थे. तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी से सीधी भिड़ंत से बचने के चक्कर में बाइक सवार ने अपना नियंत्रण खो दिया.

असंतुलित होकर बाइक सीधे सड़क किनारे खड़े एक अन्य ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी. इस हादसे में गोड़ाघुआ गांव निवासी मनीष कुमार (24 वर्ष) तथा बड़की हथिया गांव निवासी प्रेम कुमार (22 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों युवक खून से लथपथ होकर सड़क पर ही अचेत हो गए.

पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल, जांच शुरू

दोनों ही घटनाओं की जानकारी मिलते ही डायल-112 की टीम और गंगटा थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई. पुलिस ने दोनों दुर्घटनास्थलों से घायलों और मृतक के शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हवेली खड़गपुर पहुँचाया. चिकित्सालय के डॉक्टरों ने गोपाल को मृत घोषित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं गंभीर रूप से घायल मनीष और प्रेम का प्राथमिक उपचार कर गहन चिकित्सा वार्ड में इलाज शुरू कर दिया है.

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय मुख्य मार्गों पर तेज रफ्तार और बिना इंडिकेटर या रिफ्लेक्टर के सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े भारी ट्रक इन दिनों लगातार हो रहे जानलेवा हादसों का मुख्य कारण बन रहे हैं. पुलिस ने दोनों मामलों की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

बिहार के इन 17 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Birendra kumar sing

Published by: Divyanshu Prashant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >