PM श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में 11वीं कॉमर्स की 10 सीटों पर शुरू हुआ नामांकन, 20 तक निःशुल्क करें आवेदन

Navodaya Admission 2026 : जवाहर नवोदय विद्यालय में 11वीं वाणिज्य संकाय में नामांकन शुरू हो गए हैं। इच्छुक छात्र 20 जुलाई 2026 तक ऑफलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।

Navodaya Admission 2026 : पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, रमनकाबाद ने सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 11वीं वाणिज्य संकाय की रिक्त सीटों पर नामांकन के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य अरुण कुमार ने बताया कि कॉमर्स संकाय में कुल 10 सीटें खाली हैं, जिन पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा.

20 जुलाई तक करें निःशुल्क आवेदन

विद्यालय प्रशासन के अनुसार इच्छुक छात्र-छात्राएं 20 जुलाई 2026 तक निःशुल्क आवेदन कर सकते हैं. आवेदन पत्र विद्यालय कार्यालय से कार्य दिवसों में प्राप्त किया जा सकता है. पूरी नामांकन प्रक्रिया ऑफलाइन होगी और निर्धारित तिथि तक आवेदन पत्र जमा करना अनिवार्य होगा.

ये छात्र कर सकते हैं आवेदन

नामांकन के लिए वही विद्यार्थी पात्र होंगे जिन्होंने सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं उत्तीर्ण की हो. अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 जून 2009 से 31 जुलाई 2011 के बीच होनी चाहिए. इसके अलावा कक्षा 10वीं की परीक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है.

मेरिट के आधार पर होगा चयन

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह कक्षा 10वीं में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची से होगी. किसी प्रकार की प्रवेश परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी. इसलिए योग्य छात्र-छात्राओं से समय पर आवेदन करने की अपील की गई है.

बालिकाओं को मिलेगी विशेष वरीयता

विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नामांकन प्रक्रिया में बालिकाओं को विशेष वरीयता दी जाएगी. अभिभावकों और इच्छुक विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >