पूर्व रेलवे मालदा डिवीजन के साहिबगंज लूप लाइन अंतर्गत भागलपुर-जमालपुर-किऊल रेलखंड से गुजरने वाली एक जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेन रविवार को कैंसिल रही. वहीं, ब्रह्मपुत्र मेल एवं पटना-दुमका एक्सप्रेस सहित लंबी दूरी की कई ट्रेनें घंटों विलंब से चलीं. इसके कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
मालदा टाउन-किऊल इंटरसिटी एक्सप्रेस रही कैंसिल
अधिकृत जानकारी में बताया गया है कि मालदा टाउन से चलकर किऊल जाने वाली 13409 अप और किऊल से चलकर मालदा टाउन जाने वाली 13410 डाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस कैंसिल रही. बता दें कि न्यू फरक्का स्टेशन के निकट जमीन धंसने के कारण मालदा टाउन-किऊल इंटरसिटी एक्सप्रेस को पिछले शुक्रवार और शनिवार को किऊल और साहिबगंज के बीच ही चलाया गया था और यह ट्रेन मालदा टाउन नहीं जा पायी थी.
हावड़ा-नटेश्वर स्पेशल ढाई घंटे विलंब से पहुंची
03029 अप हावड़ा-नटेश्वर स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित समय से लगभग ढाई घंटे विलंब से चली. इस ट्रेन का जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 7:32 बजे था, लेकिन यह ट्रेन सुबह 10 बजे के बाद जमालपुर पहुंची.
पटना-दुमका एक्सप्रेस भी तीन घंटे लेट
इसी प्रकार पटना से चलकर दुमका जाने वाली 13334 डाउन पटना-दुमका एक्सप्रेस भी करीब तीन घंटे विलंब से चली. इस ट्रेन का जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 9:29 बजे है, लेकिन यह ट्रेन लगभग दोपहर 12 बजे जमालपुर पहुंची.
ब्रह्मपुत्र मेल भी 2 घंटे 40 मिनट से अधिक लेट
दूसरी तरफ, कामाख्या से चलकर दिल्ली जाने वाली 15658 अप ब्रह्मपुत्र मेल का विलंब परिचालन रविवार को भी जारी रहा. यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से 2 घंटे 40 मिनट से अधिक विलंब से चली. ट्रेन का जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 9:14 बजे है, लेकिन यह 11:50 बजे जमालपुर पहुंची. इसके कारण इस रेलखंड पर यात्रा करने वाले बड़ी संख्या में यात्री परेशान रहे. ट्रेनों के विलंब से यात्री अपने निर्धारित समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच पाए.
