Jamalpur Nagar Parishad: जमालपुर नगर परिषद सभागार में सोमवार को नगर परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद पार्वती देवी ने की. बैठक में उप मुख्य पार्षद अंजली कुमारी और कार्यपालक पदाधिकारी विजयशील गौतम भी मौजूद रहे. इस दौरान शहर में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए.
दुर्गा पूजा से पहले पूरी हों सभी विकास योजनाएं
मुख्य पार्षद पार्वती देवी ने कहा कि आगामी दुर्गा पूजा से पहले नगर परिषद क्षेत्र में चल रही सभी विकास योजनाओं को हर हाल में पूरा किया जाए. उन्होंने कहा कि शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर परिषद की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
सफाई, प्याऊ और वाटर कूलर दुरुस्त करने का निर्देश
Jamalpur Nagar Parishad: बैठक में शहर की साफ-सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की गई. मुख्य पार्षद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूजा के दौरान कहीं भी सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए. नगर परिषद क्षेत्र में स्थापित सभी प्याऊ और वाटर कूलर को भी जल्द दुरुस्त कर चालू करने का निर्देश दिया गया, ताकि लोगों को पेयजल की सुविधा मिल सके.
छठ से पहले बनेगा सीढ़ी घाट, स्ट्रीट लाइट भी होगी ठीक
मुख्य पार्षद ने कहा कि आगामी छठ पूजा से पहले काली पहाड़ी की ऊपरी नहर पर प्रस्तावित सीढ़ी घाट का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए. घाट निर्माण के साथ वहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी. इसके अलावा शहर की खराब स्ट्रीट लाइट और तिरंगा लाइट की मरम्मत कर उन्हें शीघ्र चालू करने का निर्देश दिया गया.
होल्डिंग टैक्स जमा करने की अपील
बैठक के दौरान मुख्य पार्षद ने उन नागरिकों से भी होल्डिंग टैक्स जमा करने की अपील की, जिन्होंने अब तक कर का भुगतान नहीं किया है. उन्होंने कहा कि नगर परिषद के विकास कार्यों में नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है.बैठक में स्वच्छता पदाधिकारी सोनम राज, सहायक अभियंता विवेक कुमार, जूनियर इंजीनियर राहुल राजा, कार्यालय अधीक्षक राजीव कुमार सिन्हा, योजना सहायक प्रेम शंकर, सफाई निरीक्षक सत्यनारायण मंडल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
