धरहरा के पास पटरी फ्रैक्चर से 55 मिनट बाधित रहा रेल परिचालन, 20 किमी की रफ्तार से चली ट्रेनें

जमालपुर-किऊल रेल खंड के धरहरा के निकट रेल पटरी में फ्रैक्चर होने से ट्रेनों का परिचालन 55 मिनट तक प्रभावित रहा। मरम्मत के बाद सेवा बहाल की गई।

Jamalpur-Kiul Rail Track Fracture: जमालपुर. पूर्व रेलवे के मालदा डिविजन अंतर्गत जमालपुर-किऊल रेलखंड पर धरहरा रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार सुबह अप लाइन की पटरी में फ्रैक्चर होने से रेल परिचालन प्रभावित हो गया. सुबह करीब 5:50 बजे ट्रैक सर्किट फेल होने की सूचना मिलने के बाद रेलकर्मियों ने जांच की, जिसमें पटरी में फ्रैक्चर पाया गया. सुरक्षा के मद्देनजर अप लाइन पर तत्काल ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई.

ट्रैक सर्किट फेल होने के बाद मिली पटरी में खराबी

रेलवे के अनुसार सुबह करीब 5:50 बजे धरहरा स्टेशन के निकट ट्रैक सर्किट फेल होने की समस्या सामने आई. जांच के दौरान किलोमीटर संख्या 371/00 के समीप रेल पटरी में फ्रैक्चर मिला. ड्यूटी पर तैनात पॉइंट्समैन ने सबसे पहले क्षतिग्रस्त पटरी को देखा और इसकी सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को दी.

सुरक्षा के लिए रोकी गईं ट्रेनें

पटरी में फ्रैक्चर की सूचना मिलते ही अप लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया. इस दौरान हावड़ा से गया जा रही 13023 अप हावड़ा-गया एक्सप्रेस को दशरथपुर रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया. वहीं जमालपुर की ओर से जा रही एक मालगाड़ी को धरहरा रेलवे स्टेशन पर खड़ा किया गया.

पीडब्ल्यूडी कर्मियों ने शुरू किया मरम्मत कार्य

क्षतिग्रस्त पटरी की जानकारी संबंधित विभाग को देने के बाद मरम्मत कार्य शुरू कराया गया. पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक तकनीकी कार्य पूरा किया. रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों की निगरानी में पटरी को सुरक्षित बनाने का काम किया गया.

6:45 बजे ट्रैक को परिचालन के लिए किया गया फिट

मरम्मत के बाद सुबह करीब 6:45 बजे ट्रैक को सावधानीपूर्वक ट्रेनों की आवाजाही के लिए फिट घोषित किया गया. हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल से गुजरने वाली ट्रेनों की अधिकतम गति 20 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई. इसके बाद ट्रेनों का परिचालन धीरे-धीरे सामान्य किया गया.

पैसेंजर ट्रेन को भी 20 किमी की रफ्तार से गुजारा गया

जानकारी के अनुसार मरम्मत के बाद जमालपुर से किऊल जाने वाली 53479 अप पैसेंजर ट्रेन को भी घटनास्थल से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की निर्धारित गति सीमा के साथ गुजारा गया. ट्रैक की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए रेलकर्मियों ने सावधानी बरती.

यात्रियों को हुई परेशानी

Jamalpur-Kiul Rail Track Fracture: अचानक अप लाइन पर परिचालन रोक दिए जाने के कारण विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनें खड़ी रहीं. इससे यात्रियों को कुछ समय तक परेशानी का सामना करना पड़ा. करीब 55 मिनट के बाद मरम्मत कार्य पूरा होने और ट्रैक फिट घोषित किए जाने से यात्रियों को राहत मिली.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विजय कुमार गुप्ता

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >